Sat. May 18th, 2024

मजदूरों की घर वापसी से उद्योग जगत परेशान

Share this News

सेंट्रल डेस्क-नई दिल्ली केंद्र सरकार से घर वापसी की मंजूरी मिलने के बाद एक तरफ जहां प्रवासी मजदूरों की खुशी का ठिकाना नहीं है, वहीं राज्यों में लॉकडाउन में मिली रियायतों के मद्देनजर खुलने की तैयारी कर रहे उद्योगों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। जानकारों का कहना है कि लॉकडाउन में काम ठप होने से उद्योग जगत पहले से हलकान है। फैक्टरियां खुलने के बाद मजदूर नहीं मिलने से उसकी मुश्किलें और बढ़ जाएंगी।

पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष डीके अग्रवाल के मुताबिक एक बार मजदूर गांव चला गया तो उसे वापस लाना बेहद मुश्किल होगा। गांव में ही मनरेगा और खेती-किसानी में रोजगार मिलने के कारण मजदूर शायद ही शहर लौटना चाहेगा। अगर वापसी करेगा भी तो वह ज्यादा मजदूरी की मांग करेगा।
उन्होंने चेताया कि चूंकि, काफी दिनों से बंद पड़े उद्योग ज्यादा खर्च करने की स्थिति में नहीं होंगे, इसलिए मजदूरों का पलायन उम्मीद से कहीं अधिक बड़ी चुनौती बनने जा रहा है। ऐसे में केंद्र सरकार को राज्यों के साथ मिलकर मजदूरों का पलायन रोकना चाहिए। उद्योग जगत इस दिशा में हर संभव मदद करने को तैयार है।

रियल एस्टेट में हालात ज्यादा बिगड़ने की आशंका

लंबे समय से बिक्री में गिरावट और पूंजी की कमी का सामना कर रहे रियल एस्टेट क्षेत्र के लिए परेशानियां ज्यादा बढ़ सकती हैं। रियल एस्टेट संगठन नारेडको के उपाध्यक्ष प्रवीण जैन कहते हैं, रियल एस्टेट श्रम प्रधान उद्योग है। लॉकडाउन के बाद मजदूरों का जितनी तेजी से पलायन हो रहा है, उसमें यह अंदाजा लगाना ही मुश्किल हो रहा है कि आगे कैसे दिन आने वाले हैं?
मजदूरों के परिवार का भरोसा जीतना होगा
आर्थिक विशेषज्ञ मजदूरों के पलायन को एक गंभीर चुनौती के रूप में देख रहे। भारत में अर्नेस्ट एंड यंग के रिटेल प्रमुख पिनाकी रंजन मिश्रा कहते हैं, पलायन रोकने के लिए उद्योग जगत को काफी मेहनत करनी पड़ेगी। जो मजदूर लौटना चाहते हैं, उनके परिवार को भरोसा दिलाना होगा कि वे जिस कंपनी में काम कर रहे हैं, वहां शारीरिक और आर्थिक रूप से सुरक्षित हैं।

मुख्यमंत्रियों ने मजदूरों से राज्य न छोड़ने की अपील की

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने शनिवार को प्रवासी मजदूरों से राज्य छोड़कर नहीं जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ज्यादातर उद्योगों में काम शुरू हो गया है। ऐसे में आपको कोई परेशानी नहीं होगी। इससे पहले, कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने शुक्रवार को प्रवासी मजदूरों से राज्य में टिककर औद्योगिक गतिविधियों को बहाल करने में सहयोग देने का आग्रह किया था।

भारत में प्रवासी मजदूर की आकड़ा

एक अनुमान के मुताबिक, भारत में लगभग 13.9 करोड़ प्रवासी कामगार हैं। इनमें से 92 प्रतिशत पुरुष और सिर्फ 8 फीसदी महिलाएं हैं। 92 फीसदी के करीब इनमें से असंगठित क्षेत्र में कार्यरत हैं। 20 लाख के करीब प्रवासी कामगार घर वापसी के लिए आवेदन कर चुके हैं। अकेले गुजरात में कुल 5.76 लाख कुल मजदूरों में से 3600 ने घर भेजने की गुहार लगाई है।