मिस वर्ल्ड रही मानुषी छिल्लर करेंगी बॉलीवुड में एंट्री

Share this News

मुंबई, 12 जनवरी (हि.स.)। मिस वर्ल्ड 2017 का खिताब जीतकर भारत का नाम रौशन करने वाली मानुषी छिल्लर अब बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं। सूचना है कि वे फराह खान की फिल्म से डेब्यू करने की तैयारी कर चुकी हैं। मानुषी से पहले फराह ने फिल्म ‘ओम शांति ओम’ से दीपिका पादुकोण को लॉन्च किया था। उसके बाद से दीपिका का करियर बहुत शानदार रहा है। उनकी एक्टिंग लोगों को काफी पसंद आई थी। दीपिका के बाद अब मानुषी फराह खान के साथ काम करने वाली हैं। पता चला है कि मानुषी और फराह ने फिल्म को लेकर चर्चा भी की है। चर्चा के बाद मानुषी ने फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम करना शुरू भी कर दिया है। पहले कहा जा रहा था कि मानुषी धर्मा प्रोडक्शन की फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू करेंगी, लेकिन अब सूचना है कि फराह मानुषी को लॉन्च करना चाहती हैं। यह पहली बार नहीं होगा कि मानुषी छिल्लर एक्टिंग कर रही हैं। वह इससे पहले रणवीर सिंह के साथ एक एड फिल्म में काम कर चुकी हैं। उसमें उनकी एक्टिंग को काफी सराहा गया था। कुछ समय पहले मानुषी एलेन डीजेनेरेस शो के सेट पर नजर आई थीं। वहां उनके फैंस उन्हें देखकर काफी खुश हो गए। मानुषी सोशल मीडिया पर अपनी फोटोज शेयर करती रहती हैं। उन्हें लोगों का बहुत प्यार भी मिलता है। मानुषी छिल्लर ने 2017 नवंबर में चीन में मिस वर्ल्ड का खिताब भारत की झोली में डाला था। इससे पहले 2000 में प्रियंका चोपड़ा मिस वर्ल्ड बनी थीं। हरियाणा की रहने वालीं मानुषी का सपना एक एक्ट्रेस बनने का था। अब देखना यह है कि फराह, दीपिका की तरह मानुषी के लिए कितना लकी साबित होती हैं।