Mon. Apr 29th, 2024

दिल्ली, बेंगलुरु, चेन्नई दुनिया के 10 सबसे सस्ते शहरों में शुमार

Share this News

नई दिल्ली, 15 मार्च (हि.स.)। दिल्ली, बेंगलुरु व चेन्नई दुनिया के 10 सबसे सस्ते शहरों में से एक हैं। यह जानकारी आर्थिक विषयों पर सर्वेक्षण करने वाली संस्था इकोनोमिक इंटेलिजेंस यूनिट के एक सर्वे में सामने आई है। इस सर्वे में सिंगापुर को विश्व के सबसे महंगे शहर के रूप में रखा गया है। वैश्विक जीवनयापन खर्च सर्वेक्षण-2018 शीर्षक से प्रकाशित इस सर्वे के मुताबिक दक्षिण एशिया, खासकर भारत व पाकिस्तान के शहर में मुद्रा का मूल्य ज्यादा है। इसलिए बेंगलुरु, चेन्नई, कराची व नई दिल्ली दुनिया के दस सबसे सस्ते शहरों की सूची में सबसे उपर है। सर्वे रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत में आर्थिक स्थिति तो अच्छी हो रही है लेकिन प्रति व्यक्ति पारिश्रमिक व लोगों की खरीददारी पर खर्च करने की क्षमता अपने निचले स्तर पर है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत के शहरों में नजदीकी देहात में उपजाई गई दैनिक उपयोग की वस्तुओं के दाम कम आपूर्ति क्षमता में कुप्रबंधन व सरकारी रियायत के कारण कम हो जाते हैं। यही कारण है कि रहन-सहन पर इन शहरों में पश्चिमी देशों के शहरों की अपेक्षा कम खर्च आता है। रिपोर्ट के मुताबिक सीरिया की राजधानी दमिश्क दुनिया का सबसे सस्ता शहर है। वहीं पिछले पांच सालों में सिंगापुर लगातार दुनिया के सबसे महंगे शहर के रूप में बना हुआ है। इस सूची में दूसरे स्थान पर फ्रांस की राजधानी पेरिस है। वहीं, ज्यरिक तीसरे व हांगकांग चौथे स्थान पर है। रिपोर्ट के मुताबिक नार्वे की राजधानी ओसलो का इस सूची में पांचवां स्थान है। इसके बाद जनेवा छठे, सिओल सातवें, कोपनहेगन आठवें, तेल अवीव नौवें व सिडनी 10 वें स्थान पर है। इस सर्वे के दौरान इकोनोमिक इंटेलिजेंस यूनिट ने 160 वस्तुओं व सेवाओं के मूल्य का अध्ययन वैश्विक स्तर पर किया। इसमें भोजन, पेय पदार्थ, कपड़े, घरेलू वस्तुओं, व्यक्तिगत जरूरत की चीजें, मकान किराया, यातायात पर आने वाले खर्च, स्कूल की खर्च, नौकर पर खर्च व मनोरंजन पर आने वाला खर्च शामिल किया गया था।