Tue. May 14th, 2024

चित्रकूट से अगवा बच्चों की हत्या के बाद गरमाई प्रदेश की सियासत

Share this News
No

सतना, 24 फरवरी (हि.स.)। चित्रकूट से अगवा हुए दो पांच वर्षीय जुड़वा बच्चों की हत्या के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। एक तरफ जहां कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं, तो वहीं प्रदेश के दोनों प्रमुख राजनीतिक दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। भाजपा जहां इस पूरे घटनाक्रम के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहरा रही है, तो कांग्रेस इस हत्याकांड में भाजपा के लोगों का हाथ होने का आरोप लगा रही है।
सतना पुलिस ने रविवार को सुबह जब खुलासा किया कि चित्रकूट से अपहरण हुए दोनों बच्चों के शव यूपी के बांदा के पास एक नदी से बरामद किये हैं, तभी से शहर में तनाव का माहौल है। लोग सडक़ों पर उतरकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी कर रहे हैं। पुलिस की गाड़ी में तोडफ़ोड़ भी की गई है और जगह-जगह आगजनी और तोडफ़ोड़ की घटनाएं हुई है। सुबह से ही सडक़ों पर भारी भीड़ जमा हो गई और आक्रोशित लोगों द्वारा पुलिस वाहनों में जमकर तोडफ़ोड़ की। सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की जा रही है।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जब बच्चों को खोजना था, तब सरकार पुलिस के तबादले में जुटी थी। पुलिस को जवाब में आंसू गैस के गोले छोडऩे पड़े। इसमें कई पुलिस कर्मी घायल भी हुए। बाद में शहर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे सतना शहर में धारा 144 लागू कर दी गई है। पुलिस गुस्साई भीड़ को काबू करने में जुटी है। शहरभर में भारी पुलिस बल तैनात है, जो भीड़ को तितर बितर करने में लगा हुआ है। जानकी कुंड अस्पताल और गौशाला में तोडफ़ोड़ के बाद आगजनी की गई। पुलिस पार्टियों पर भी पथराव किया गया। जिला प्रशासन के जिम्मेदार मौके पर डटे हुए हैं।

भाजपा ने उठाए सवाल

विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने इस घटना के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि प्रदेश सरकार और प्रशासन चित्रकूट के अपहृत जुड़वा बच्चों को अपहरणकत्र्ताओं से मुक्त कराने में 12 दिन बाद भी असफल हुए और अंतत: उन स्कूली बच्चों की निर्मम हत्या कर दी गई। प्रदेश सरकार ट्रांसफरों में मस्त है, प्रशासनिक रिक्तता और अराजकता भीषण रूप से प्रदेश ने व्याप्त हो चुकी है। अब प्रदेश में दो ही उद्योग चलेंगे, एक अपहरण का और दूसरा ट्रांसफरों का। चाहे तो इन दोनों उद्योगों की इन्वेस्टर समिट भी बुला सकते है, क्योंकि अशांति के इस माहौल में अब कोई उद्योगपति तो आने से रहा।

शिवराज ने कहा, कांग्रेस ने दो महीने में प्रदेश को बनाया अपराध का महाद्वीप

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवराज सिंह चौहान ने इस मामले को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने रविवार को रीवा में प्रेस वार्ता में कांग्रेस सरकार घेराव करते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दो महीने में प्रदेश को शांति के टापू से अपराध का महादीप बना दिया।
शिवराज ने दोनों जुड़वा बच्चों श्रेयांश और प्रियांश को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश शांति का टापू था, आज अपराध का महाद्वीप बन गया है। आज मन में ऐसी पीड़ा है कि शब्दों में बयान नहीं कर सकता। चित्रकूट में पिछले दिनों दो मासूम बेटे श्रेयांश और प्रियांश का दिन-दहाड़े अपहरण हुआ। उनके सुरक्षित वापस लौट आने की अपेक्षा थी, लेकिन खबर ऐसी मिली कि मन वेदना से भर गया। उम्मीद की जा रही थी सरकार और प्रशासन बच्चों को वापस ले आएगा, लेकिन सरकार असफल रही। कांग्रेस ने दो महीने में प्रदेश को शांति के टापू से अपराध का महादीप बना दिया। सिर्फ आरोप लगाने के लिए नहीं कह रहा हूं, यह प्रदेश की सुरक्षा का सवाल है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रशासनिक अक्षमताएं हैं। कमलनाथ जी खुद संभले और प्रदेश को भी संभाले। प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्थ हो चुकी है। श्रेयांश और प्रियांश वे फूल थे, जो खिलने के पहले ही डाल से तोड़ लिए गए। केवल शाब्दिक सहानुभूति से काम नहीं चलेगा। प्रदेश में आगे कानून व्यवस्था की स्थिति दुरुस्त हो, इसके लिए सरकार को कड़े कदम उठाने होंगे। हम चिंतित है कि सरकार प्रदेश की सुरक्षा करने की बजाए रोज तबादले कर रही है, प्रदेश में आए दिन तबादले हो रहे हैं, उद्योग की तरह तबादले पर तबादले किए जा रहे हैं।
वहीं, कांग्रेस नेता इस घटना को लेकर पूर्ववर्ती भाजपा सरकार को जिम्मेदार बता रहे हैं। घटना उजागर होने के बाद प्रदेश के कानून मंत्री पीसी शर्मा का विवादित बयान सामने आया है। उन्होंने रविवार को भोपाल में मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश पुलिस का ज्वाइंट आपरेशन चल रहा था। अपराध उत्तर प्रदेश में हुआ है। उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार है, उसे इस्तीफा दे देना चाहिए। यह वहां की भाजपा सरकार की नाकामी है। उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मृतक बच्चों के पिता से फोन पर बात की। सीएम ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि सरकार उनके साथ खड़ी है। इस मामले में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामला फास्टट्रैक कोर्ट में चलाया जाएगा।
वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता जेपी धनोपिया ने कहा कि ये घटनाक्रम प्रदेश में 15 साल तक भाजपा सरकार रही इस वजह से हुआ। अपराध इतने बढ़ गए थे कि उन पर दो महीने में काबू पाना मुश्किल है। प्रदेश सरकार का इसमें कोई लेना-देना नहीं, पूरा मामला उत्तर प्रदेश का है, वहां भाजपा की सरकार है।

आईजी ने किया मामले का खुलासा, मास्टमाइंड समेत छह गिरफ्तार

इधर, रीवा जोन के आई चंचल शेखर ने रविवार को दोपहर प्रेस वार्ता आयोजित कर मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि चित्रकूट से 12 फरवरी को अगवा किए गए जुड़वां भाइयों श्रेयांश और प्रियांश की हत्या कर दी गई। हाथ-पैर बंधे दोनों बच्चों के शव उत्तरप्रदेश के बांदा में यमुना नदी से शनिवार देर रात बरामद किए गए। अपहरणकर्ताओं ने दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। परिजन ने 20 लाख रुपये दे भी दिए थे। छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि बच्चों के अपहरण और हत्या का मुख्य आरोपी पद्म शुक्ला सहित छह लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पद्म शुक्ला बजरंगदल के संयोजक विष्णुकांत शुक्ला का भाई है।
आईजी के मुताबिक, अब तक की जांच में इस मामले में विष्णु की कोई भूमिका सामने नहीं आई है। आरोपियों ने अपराध में बाइक और कार का इस्तेमाल किया था। बाइक की नंबर प्लेट पर रामराज्य लिखा हुआ था और कार पर भाजपा का झंडा लगा हुआ था। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने एक बार इंटरनेट कॉलिंग के जरिए बच्चों की पिता से बात करवाई थी। अपहरण के दो दिन बाद ही आरोपियों ने राह चलते लोगों से फोन मांगकर बच्चों के पिता को फोन किया और उनसे दो करोड़ रुपये फिरौती की रकम मांगी थी। फिर, 19 फरवरी को बच्चों के परिजनों ने 20 लाख रुपये दिए। इसके बाद 21 फरवरी को बच्चों की हत्या कर दी गई, क्योंकि बच्चे अपहरणकर्ताओं को पहचानने लगे थे।
दोनों बच्चे चित्रकूट (मप्र) के सद्गुरु पब्लिक स्कूल में पढ़ते थे। वे 12 फरवरी को दोपहर करीब एक बजे स्कूल की छुट्टी के बाद बस से घर लौट रहे थे। स्कूल परिसर में ही बाइक से आए दो नकाबपोश युवकों ने पिस्तौल दिखाकर बस को रोका और बच्चों को अगवा कर लिया था। यह वारदात सीसीटीवी में भी कैद हुई थी। उनका घर उत्तरप्रदेश के चित्रकूट धाम (कर्वी) के रामघाट में था। बच्चों के पिता बृजेश रावत तेल व्यवसायी हैं।
आईजी के मुताबिक, पद्म शुक्ला पिता रामकर्ण शुक्ला (22) निवासी जानकीकुंड, रघुमंदिर के सामने चित्रकूट, राजू पिता राकेश कुमार द्विवेदी निवासी भवुआ जिला बांदा यूपी, लकी सिंह पिता सतेन्द्र सिंह तोमर निवासी ग्राम तेदुरा, जिला बांदा यूपी, रोहित पिता ब्रह्मदत्त द्विवेदी (24) निवासी, भवुआ जिला बांदा यूपी, रामकेश पिता रामशरण यादव (26) निवासी छेरा, जिला बांदा यूपी और पिंटू उर्फ पिंटा पिता रामस्वरूप यादव (23) निवासी गुरदह जिला हमीरपूर यूपी को गिरफ्तार कर लिया गया और उनसे पूछताछ की जा रही है।

सीएम कमलनाथ ने बच्चों के पिता से की फोन पर बात

बच्चों के शव मिलने के खबर मिलते ही मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मृतक बच्चों के पिता से फोन पर बात की। सीएम ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि सरकार उनके साथ है।