Mon. Apr 29th, 2024

बिंदी यादव के खिलाफ देशद्रोह मामले में अदालत ने लिया संज्ञान

Share this News

मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में 30 अप्रैल को हाजिर होने का आदेश
मामला नक्सलियों को प्रतिबंधित बोर की गोली आपूर्ति करने का
पत्नी मनोरमा देवी जदयू विधान पार्षद
गया, 25 अप्रैल ( हि.स.) ।गया के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अंजू सिंह ने देशद्रोह के आरोपी बिंदेश्वरी प्रसाद यादव उर्फ बिंदी यादव के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी और पुलिस आरोप पत्र के आलोक में संज्ञान लेते हुए आरोपी बिंदेश्वरी प्रसाद यादव उर्फ बिंदी यादव को 30 अप्रैल को अदालत में उपस्थित होने के लिए सम्मन जारी किया है।
उल्लेखनीय है कि 24 मार्च 2011 को बिंदी यादव और चार अन्य आरोपियों के पास से पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित बोर की गोलियां बरामद की थींं।एक वाहन को पुलिस ने जब्त किया था जिसपर उक्त सभी आरोपी सवार थे। तब पुलिस अधीक्षक विनय कुमार और सिटी एसपी रहे रत्न मणि संजीव गया में पदस्थापित थे।विनय कुमार वर्तमान में मगध क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक, गया के पद पर कार्यरत हैं। बोधगया थाना में उक्त आरोप में कांड संख्या 61/2011 एवं 62/2011 दर्ज किया गया था। पुलिस का कहना है कि बिंदी यादव ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया था कि बरामद कारतूस प्रतिबंधित नक्सली संगठन एमसीसी को देना था।
बिंदी यादव की पत्नी मनोरमा देवी जदयू विधान पार्षद हैंं। बिंदी यादव स्वयं जिला परिषद का अध्यक्ष रहा है। बिंदी यादव की छवि एक दबंग एवं बाहुबली राजनेता की रही है।
राज्य सरकार की ओर से देशद्रोह के आरोप में अभियोजन की स्वीकृति मिलने में कई साल लग गये। सरकारी स्वीकृति मिलने के बाद बिंदी यादव के खिलाफ अदालती कार्रवाई की गई।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गया लोकसभा चुनाव में पार्टी केे प्रचार के लिए बिंदी यादव के साथ 5 अप्रैल को बेलागंज और 6 अप्रैल को बाराचट्टी में चुनावी सभा कर चुके हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समक्ष बेलागंज में बिंदी यादव और जदयू युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विधायक अभय कुशवाहा के बीच झडप हुई थी। इसके बाद बिंदी यादव ने दूसरे दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ बाराचट्टी में चुनावी सभा को संबोधित किया था।
गया मेंं 2016 में बहुचर्चित रोडरेज कांड हुआ था जिसमें आदित्य सचदेवा की साइड नहीं देने पर हत्या कर दी गई थी। आदित्य सचदेवा हत्याकांड में राकी यादव को गया की अदालत से आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। बिंदी यादव और मनोरमा देवी का पुत्र राकी यादव है।राकी की गिरफ्तारी के लिए बिंदी यादव- मनोरमा देवी के घर हुई छापामारी में अवैध शराब बरामद हुई थी। मनोरमा देवी को बरामद शराब के कारण काफी दिनों तक जेल में न्यायिक हिरासत में रहना पड़ा। बिंदी यादव भी आदित्य सचदेवा हत्याकांड में जेल जा चुका है। जदयू ने शराब बरामदगी को लेकर मनोरमा देवी को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया लेकिन पार्टी नेतृत्व ने पति-पत्नी यानी बिंदी यादव और मनोरमा देवी के राजनैतिक कद को देखते हुए मनोरमा देवी का निष्कासन वापस ले लिया।