जमीन विवाद में मारपीट व चली गोली, एक बालक सहित दो जख्मी

Share this News

ब्यूरो रिपोर्ट-रितेश हन्नी,सहरसा

सहरसा – जिले के बसनही थाना क्षेत्र के पचलख गांव स्थित नहर से सटे बहियार में भूमि विवाद को लेकर हुई गोलीबारी व मारपीट में एक बालक व एक किसान गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिसमें गोली से घायल 15 वर्षीय लड़के की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है जिसे ईलाज हेतु सहरसा के निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया। जबकि मारपीट व गोली से घायल 45 वर्षीय व्यक्ति को ईलाज हेतु स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु सदर अस्पताल सहरसा रेफर कर दिया गया है। वहीं घटना के बाद सूचना पर पहुंची बसनही थाना पुलिस ने घटनास्थल से लोडेड पिस्टल का मैगजीन बरामद कर पीड़ित के घर पर कैंम्प कर रही हैं। प्राप्त जानकारी अनुसार पचलख गांव निवासी बिरेन मंडल और मधेपुरा जिला स्थित ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के बिश्वारी गांव निवासी जनेश्वर यादव के बीच वर्षों से भूमि विवाद चल रहा है। सोमवार को बिरेन मंडल नहर से सटे बहियार स्थित अपने खेत में धान रोपाई करवा रहा था। तभी जनेश्वर यादव अपने साथियों आ धमका और अंधाधुंध गोलीबारी करने लगा। इस गोलीबारी के दौरान ही बगल के खेत में काम कर रहे पचलख गांव निवासी कैलाश यादव का 15 वर्षीय पुत्र सन्नो यादव को गोली लगी जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वहीं जनेश्वर यादव व उसके साथियों ने धान रोपाई करवा रहे विरेन मंडल को पहले लाठी डंडे से मारकर खेत में गिरा दिया और जाते जाते उसके पैर में गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। जिसके बाद परिजनों द्वारा बिरेन मंडल को इलाज हेतु सोनवर्षा राज अस्पताल में भर्ती कराया गया। जख्मी विरेन्द्र मंडल की पत्नी रीना देवी ने बताया कि जनेश्वर यादव, बिजली यादव, दिलखुश यादव, कैलाश यादव, संतोष यादव, राजेश साह, मुन्ना साह द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है। बताते चलें कि मधेपुरा जिले के ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के बिश्वारी गांव निवासी मुख्य आरोपी जनेश्वर यादव का अपराधिक इतिहास रहा है। उसने दिसंबर माह में जख्मी बिरेन मंडल के खेतों में लगा मक्का को जबरन काटकर बर्बाद कर दिया था। वहीं घटना के संदर्भ में बसनही थानाध्यक्ष श्वेत कमल ने बताया कि दोनों के बीच वर्षों से चले आ रहे भूमि विवाद को लेकर घटना हुई है। पुलिस घटनास्थल से पिस्टल का गोलियों से भरा एक मैगजीन बरामद कर मामले की जाँच में जुट गई है। उन्होंने बताया कि पीड़ित पक्ष द्वारा आवेदन प्राप्त होने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।