देश में नये केंद्रीय विश्वविद्यालय स्थापित करने का कोई प्रस्ताव नहीं

Share this News

नई दिल्ली  (हि.स.)। केंद्र सरकार के पास मौजूदा समय में देश में कोई भी नया केंद्रीय विश्वविद्यालय खोलने का कोई प्रस्ताव नहीं है। यह जानकारी केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह ने राज्यसभा में एक प्रश्न के उत्तर में दी।
सांसद संभाजी छत्रपति ने सरकार से पूछा था कि क्या देश में कुछ और केंद्रीय विश्वविद्यालयों को खोलने के संबंध में कोई निर्णय लिया गया है। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह ने इसके जवाब में बताया कि वर्तमान में देश में कोई भी नया केंद्रीय विश्वविद्यालय स्थापित करने का कोई प्रस्ताव नहीं है। हालांकि, आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम-2014 में आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में एक-एक केंद्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय और एक केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना की परिकल्पना की गई है।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा प्रधानमंत्री ने 18 अगस्त 2015 को बिहार के लिए एक पैकेज की घोषणा की थी जिसमें भागलपुर के पास विक्रमशिला विश्वविद्यालय के ऐतिहासिक स्थल पर एक केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना शामिल है।
सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार ने नए संस्थानों को खोलने के लिए राज्यों की सहायता के लिए लागत साझा करने के आधार पर राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) शुरू किया है।