Sun. May 19th, 2024

कांग्रेस का रोम-रोम बिचौलियों के कर्ज से दबा हुआ

Share this News
No

रायगढ़ (हि.स.) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रायगढ़ जिले के कोडातराई में शुक्रवार को लोकसभा चुनाव के प्रचार अभियान का शंखनाद किया। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस और गांधी परिवार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का रोम-रोम बिचौलियों के कर्ज से दबा हुआ है।
मोदी ने छत्तीसगढ़ी में भाषण देकर लोगों का दिल जीत लिया। लगभग 35 मिनट के भाषण में उन्होंने कहा कि आपने एक जनादेश दिया है, जिसे भाजपा के एक-एक कार्यकर्ता ने अपने माथे पर सजाया है। जय-पराजय लोकतंत्र का हिस्सा है। सड़क, हवाई हड्डे सहित विकास के अन्य काम और तेजी से करेंगे। उन्होंने कहा कि दो महीने पहले जब छत्तीसगढ़ में नई सरकार बनी तो हमें भी उम्मीद थी कि ये कुछ नए तरीके से काम करेंगे, लेकिन सच्चाई यह है कि जो पहले बेहतर काम किए जा रहे थे, उन्हें भी ठप किया जा रहा है। प्रदेश की नई सरकार ने आयुष्मान भारत योजना बंद करने का काम किया। सीबीआई के प्रवेश पर रोक लगा दी। आपको किस बात का डर है। कांग्रेस का रोम-रोम बिचौलियों के कर्ज से दबा हुआ है। उन्होंने कांग्रेस की नई राज्य सरकार पर किसानों और जनता को दी जाने वाली कई अहम केन्द्रीय सहायता को भी रोक देने का आरोप लगाया।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस के लोग समझ लें कि आपने 55 साल गरीबों के नाम पर देश को बर्बाद किया, उनके सपनों को अंकुरित तक होने नहीं दिया। हमने अपने 55 महीनों में उनके लिए काम किया है। आपने गरीबों को मूर्ख बनाया था। अब गरीब अपने पैर पर खड़ा हो रहा है। छत्तीसगढ़ में सरकार बनते ही गरीबों के हक को छीन रहे हैं। यहां के विधानसभा चुनाव के बाद हर वर्ग के विकास के लिए हमारा संकल्प और मजबूत हुआ है। मैं विश्वास दिलाता हूं कि छत्तीसगढ़ की सड़कों, रेलवे के काम, उद्योग धंधे लगाने के काम में हम और तेजी लाएंगे। चुनाव में भाजपा की हार की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव आते-जाते रहते हैं, सरकारें आती-जाती रहती हैं, लेकिन सामान्यजनों के जीवन में परिवर्तन का लक्ष्य होना चाहिए। आपके साथ मेरा नाता बहुत पुराना है। जब सत्ता के गलियारों में हम कहीं नहीं थे, तब संगठन के कार्यों के लिए मैं आपके बीच बैठता था। यहां के कार्यकर्ताओं में भाजपा के प्रति जो मैंने भाव देखा है, वो अभूतपूर्व है। ठगी और धोखाधड़ी कांग्रेस की रग-रग में बसी है। छत्तीसगढ़ में इन्होंने किसानों की कर्जमाफी का वादा किया था, अभी तक किसी का ऋण माफ हुआ क्या? कांग्रेस सरकार अभी से अपने भ्रष्टाचार को छुपाने में लगी है। दिल्ली से कांग्रेस को यही संस्कार मिलते हैं। उन्हें अब छत्तीसगढ़ को अपना एटीएम बनाना है। यहां से बक्से भर-भर के पैसे दिल्ली भेजने हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनको पीढ़ियों से मलाई खाने की आदत लगी हो, वो चौकीदार के चाक चौबंद योजना कैसे पसंद करेंगे। वो ऐसी योजना लाएंगे, जिसमें तुम भी खाओ-मैं भी खाउं की नीति पर काम हो। उनकी रुचि इसी में है। कांग्रेस के एक परिवार के लगभग हर सदस्य पर मामला दर्ज है। कोई जमानत तो कोई अग्रिम जमानत पर बाहर हैं। देश के भविष्य के लिए कांग्रेस के पास कोई योजना नहीं है, इसलिए मोदी को ही मुद्दा बना लिया है। इनकी असली राजनीति यही है कि खुद भ्रष्टाचार करें और दूसरों को भी करने दें, लेकिन चौकीदार चुप बैठने वाला नहीं है।
मोदी ने कर्जमाफी को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा और कहा कि कर्जमाफी के नाम पर बिचौलियों का पेट भरने का काम कांग्रेस करती है। हर दस साल बाद कांग्रेस कर्जमाफी का खेल खेलती है, लेकिन इनकी कर्जमाफी का सच यही है कि बिचौलियों का फायदा होता है और किसान फिर से कर्ज के बोझ तले दब जाता है। पीएम सम्मान निधि योजना का लाभ 100 में से 90 से अधिक किसानों को होगा। किसानों की कर्जमाफी योजना का लाभ 100 में से 20 से 25 किसानों को ही मिल सकेगा। अब तक देश के छोटे किसानों को बिना गारंटी के एक लाख रुपये तक का मिलने वाला कृषि कर्ज, अब नए निर्णय के तहत 1 लाख 60 हजार रुपये तक बिना गारंटी के मिल सकेगा। लोन प्रोसेस के लिए किसानों से लिए जाने वाले शुल्क को समाप्त कर दिया गया है। इसके लिए बैंकर्स एसोसिएशन को बधाई देता हूं।
देश और छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ाने के लिए आदिवासियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। राज्य में इनके लिए म्यूजियम बनाने का काम कर रही है। ऐसा एक चाय वाला या चौकीदार यदि कर पा रहा है तो पांच साल पहले, जिस सरकार को चुना था, उसकी देन है।
अब कुछ शक्तियां अपने फायदे के लिए हमें रोकना चाहती है। गरीब आदमी भी मिलावट को पसंद नहीं करता है। जैसे अच्छी सेहत के लिए ​मिलावट गरीब को भी पसंद नहीं होती है। ठीक उसी तरह देश के विकास के लिए मिलावट अच्छी नहीं है। इसलिए इस महा​मिलावट को रोकना होगा। दो महीने पहले जब छत्तीसगढ़ में नई सरकार बनी तो हमने भी बधाई दी। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए नई सरकार कुछ काम करेंगे, लेकिन नई सरकार ने नया किया तो क्या किया, ये आप भी नहीं जान सके। सच्चाई ये है कि जो पहले किया गया, उसे नई सरकार ने और पीछे कर ​रही है।