Sun. May 19th, 2024

दिग्विजय का छलका दर्द, कहा मेरे भाषण से कांग्रेस के वोट कटते हैं

Share this News

भोपाल, 16 अक्टूबर (हि.स.)। पिछले कई दिनों से चुनावी सरगर्मियों के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को पार्टी द्वारा प्रचार-प्रसार और सभाओं से दूर रखने की चर्चा जोरों पर थी। इन सभी चर्चाओं के बीच आखिरकार दिग्विजय सिंह का दर्द छलका है।
सोशल मीडिया में दिग्विजय सिंह का एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें वह यह कहते नजर आ रहे हैं कि उनके भाषण से कांग्रेस के वोट कटते हैं| इसलिए वे रैलियों में नहीं जाते। वीडियो मध्यप्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी के सरकारी बंगले का बताया जा रहा है। वीडियो में दिग्विजय कार्यकर्ताओं के साथ बाहर निकलते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में दिग्विजय का पार्टी द्वारा बार बार उन्हें खास मौकों पर नजरअंदाज किए जाने का दर्द साफ झलकता हुआ दिखाई दे रहा है। वायरल वीडियो में दिग्विजय अपने कार्यकर्ताओं से दो टूक कहते हुए नजर आ रहे हैं कि उनके भाषण से कांग्रेस के वोट कटते हैं| इसलिए वे भाषण नहीं देंगे। जिसको टिकट मिले, चाहे दुश्मन को मिले पर जिताओ। मेरा काम केवल एक, कोई प्रचार नहीं, कोई भाषण नहीं।
इस दौरान दिग्विजय सिंह ने साफ शब्दों में कार्यकर्ताओं से कहा, देखते रह जाओगे। ऐसे सरकार नहीं बनेगी। दिग्विजय सिंह का यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब पिछले कई दिनों से कांग्रेस के अंदर दिग्विजय सिंह को दरकिनार किए जाने और उनकी उपेक्षा की बातें जोर-शोर से चल रही हैं। अभी तक दिग्विजय सिंह वरिष्ठ नेता होने के नाते पार्टी में गुटबाजी दूर करने की जिम्मेदारी संभालते आ रहे थे, ऐसे में उनके वीडियो ने प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दिया है।