Tue. Apr 30th, 2024

देश को तय करना हैं कि क्लर्क प्रधानमंत्री चाहिए या काम करने वाला—मनोज सिंहा

Share this News

वाराणसी,18 जनवरी (हि.स.)। केंद्रीय संचार एवं रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने दावा किया हैं कि भाजपा 2014 से भी बड़ी जीत दर्ज कर बहुमत के साथ केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दोबारा सरकार बनाने जा रही हैं। जनता भी पिछली सरकारों में गठबंधन के खराब अनुभवों को नजरअंदाज नही करेगी। जनता को तय करना हैं कि क्लर्क प्रधानमंत्री चाहिए या काम ​करने वाला प्रधानमंत्री ।
रेल राज्य मंत्री सिन्हा शुक्रवार को भाजपा के सिगरा गुलाबबाग स्थित कार्यालय में मीडिया प्रतिनिधियों से रूबरू थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में चुनावी बिगुल फूंक रेल राज्यमंत्री ने केन्द्र सरकार की जनकल्याण कारी योजनाओं को गिनाकर कहा कि आजादी के बाद पहली बार सरकार गांवों में दिख रही है। लोग शौचालय,मकान,और उज्जवला योजना में मिले रसोईगैस,आयुष्मान योजना में मिल रहे योजनाओं को गिनाकर बता रहे हैं कि मोदी जी ने दिया हैं।
रेलमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद देश के इतिहास में वर्ष 2014 के बाद का कार्यकाल स्वर्णिम है। अर्थव्यवस्था के लिहाज से देखे तो भारत की सबसे तेज गति वाली अर्थव्यवस्था है। आज भारत इंगलैंड को पछाड़ कर छंठे स्थान पर पहुंच गया है। शीघ्र ही भारत अर्थव्यवस्था में फ्रांस को पछाड़ कर पांचवे स्थान पर होगा। रेल राज्यमंत्री ने नीति आयोग के रिपोर्ट का हवाला देकर कहा कि वर्ष 2030 तक भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में पहले नम्बर पर होगी। उन्होंने कहा कि यह सब कुछ सम्भव हुआ है प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व से। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के नेतृत्व,प्रदर्शन,विचारधारा,कार्यो में पारदर्शिता को देखे तो हमारे मुकाबले कोई नही हैं। मोदी सरकार के पारदर्शी प्रभावी नेतृत्व से देश की प्रतिष्ठा लगातार बढ़ रही है।
वार्ता के दौरान चुनावी तेवर में दिखे रेल राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने देश को 129 विकास परक योजनाएं दी हैं। सरकार से कार्य और विकास परक सोच से लोगों में एक नये प्रकार की आकांक्षा जगी हैं, लोगों की सरकार से अपेक्षाएं बढ़ती जा रही हैं। सरकार के आर्थिक आधार पर दिये गये आरक्षण को ऐतिहासिक बता मनोज सिंहा ने कहा कि आजादी के पहली बार किसी सरकार ने शिक्षण संस्थाओं और नौकरियों में आम युवाओं को आरक्षण दिया हैं। रेल राज्य मंत्री ने कहा कि देश में नक्सलवाद अन्तिम सांसे गिन रहा हैं।आतंकवादी गतिविधियों में कमी आई है।
रेल राज्य मंत्री ने कहा कि आजादी के बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश की जमकर उपेक्षा हुई। इस दौर में पंडित कमलापति त्रिपाठी और कल्पनाथ ने कुछ हद तक विकास के लिए कार्य किया। लेकिन वर्ष 2014 के बाद पूर्वी उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदल गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वाराणसी सहित पूरे पूर्वी उत्तर प्रदेश में 88 हजार करोड़ की विकास परक परियोजनाएं देकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के ढ़ाचागत विकास को नजीर बना दिया। बीएचयू को एम्स के समकक्ष बनाने,शहर में कैंसर के इलाज के लिए अभूतपूर्व इंतजाम और अस्पतालों के स्थापना का जिक्र कर कहा कि पूर्वांचल के लोगों को इलाज के लिए देश के महानगरोें की ओर नही जाना पड़ेगा।
तीन राज्यों में भाजपा के हार से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में हमारा मत प्रतिशत बढ़ा हैं। भाजपा चुनाव हारी नही कांग्रेस जीत गई। यहां प्रबन्धन में कमी रह गई। इसी तरह राजस्थान में हम मामूली मतों (0.5)फीसदी से हारे। छत्तीसगढ़ में जनता के फैसले को हम स्वीकार करते हैं। तीनों राज्यों में पूर्व के चुनाव परिणामों का हवाला देकर उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में इस हार का असर नही पड़ेगा। सहयोगी दलो के तीखे और बागी तेवर से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि हम बड़े भाई हैं उन्हें मना लेंगे।
अयोध्या में रामंमदिर निर्माण को लेकर आरएसएस के सरसंघचालक के बयान से जुड़े सवाल पर रेल राज्यमंत्री ने कहा कि हमें जानकारी नही हैं। लेकिन जहां तक मंदिर निर्माण का सवाल हैं तो पूरा देश मंदिर निर्माण चाहता हैं। भाजपा विधिक और संविधान के दायरे में मंदिर निर्माण के लिए प्रयासरत हैं। सपा बसपा रालोद के गठबंधन से जुड़े सवाल पर सिन्हा ने कहा कि जनता इन्हें स्वीकार करने वाली नही है।