Sun. May 12th, 2024

पेपर लीक मामले में तीन और गिरफ्तार

Share this News

नई दिल्ली, 07 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सीबीएसई की 12वीं की परीक्षा में इकोनॉमिक्स विषय का प्रश्नपत्र लीक मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार परीक्षा से तीन दिन पहले ही हिमाचल प्रदेश से पेपर लीक हुआ था। इस मामले हिमाचल प्रदेश के एक निजी स्कूल के क्लर्क , परीक्षा केंद्र के सुपरिटेंडेंट व स्कूल के चपरासी को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने व्हाट्स एप के जरिये यह प्रश्नपत्र विभिन्न राज्यों में भेजा था। फिलहाल पुलिस इनसे पूछताछ कर अन्य लोगों की भूमिका को लेकर जांच कर रही है। दिल्ली पुलिस में विशेष आयुक्त आर. पी. उपाध्याय के अनुसार इस मामले में जांच कर रही पुलिस टीम को सूचना मिली कि इकोनॉमिक्स का पेपर जिन व्हाट्स एप ग्रुप से लीक हुआ उनमें से एक ग्रुप चंडीगढ़ में चल रहा था। वहां से पता चला कि चंडीगढ़ में पेपर हिमाचल प्रदेश से लीक होकर आया था। इस सूचना पर डीसीपी रामगोपाल नाइक की टीम हिमाचल प्रदेश पहुंची और वहां से तीन लोगों को हिरासत में लेकर दिल्ली आई। पूछताछ में आरोपियों ने 23 मार्च को ही पेपर लीक करने का खुलासा किया। आरोपियों की पहचान परीक्षा केंद्र के सुपरिटेंडेंट राकेश कुमार , स्कूल क्लर्क अमित शर्मा और स्कूल के चपरासी अशोक कुमार के रूप हुई है। बैंक से लीक हुआ था प्रश्नपत्र इस फर्जीवाड़े में पुलिस ने यह खुलासा किया है कि पेपर यूनियन बैंक के लॉकर से लीक हुआ था। इनमें से एक आरोपी राकेश सीबीएसई की तरफ से परीक्षा केंद्र का सुपरिटेंडेंट तैनात है। बैंक से पेपर निकालने से लेकर उसे वापस जमा कराने की जिम्मेदारी उसकी थी। गत 23 मार्च को वह कंप्यूटर साइंस का पेपर निकालने गया था। उसी समय लॉकर से उसने इकोनॉमिक्स का पेपर भी निकाल लिया। उसने यह प्रश्नपत्र का बंडल अमित और अशोक को दे दिया। व्हाट्स एप से फैला पेपर आरोपी अमित और अशोक ने बंडल की सील को खोलकर उसमें से पेपर को निकाला और उसकी फोटो खींचकर राकेश को भेजा जो कंप्यूटर साइंस का पेपर लेकर जवाहर नवोदय विद्यालय चला गया था। इसके बाद यह पेपर व्हाट्स एप पर लीक होता चला गया। आरोपी राकेश ने जब गत 26 मार्च को इकोनॉमिक्स पेपर का बंडल बैंक से निकाला तो पहले से निकाला गया एक बंडल भी उसमें मिला दिया। इस फर्जीवाड़े में पुलिस अब बैंक की भूमिका की भी जांच कर रही है। अब तक दो मॉड्यूल का खुलासा इकोनॉमिक्स का पेपर लीक होने के मामले में अभी तक पुलिस दो मॉड्यूल पकड़ चुकी है। पहला मॉड्यूल बाहरी दिल्ली के एक स्कूल से था जिसने परीक्षा से 90 मिनट पहले प्रश्नपत्र लीक किया। वहीं दूसरा मॉड्यूल हिमाचल प्रदेश का है जिसने बैंक से पेपर निकालकर उसे लीक किया। फिलहाल पुलिस ने अन्य किसी मॉड्यूल के इस फर्जीवाड़े में शामिल होने से इनकार किया है।