भाजपा 25 जून को मनाएगी आपातकाल विरोधी दिवस, जावड़ेकर करेंगे 200 बंदियों का अभिनंदन

Share this News

नई दिल्ली, 23 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की दिल्ली प्रदेश इकाई सोमवार को पार्टी मुख्यालय में 1975 में लगे आपातकाल के दौरान जनता एवं राजनीतिज्ञों के मौलिक अधिकारों के हनन के विरोध में कार्यक्रम आयोजित करेगी। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर आपातकाल में बंदी बनाये गये दिल्ली के 200 बंदियो को अभिनंदन करेंगे। भाजपा की दिल्ली प्रदेश इकाई की आपातकाल बंदी स्मरण समिति के अध्यक्ष महेश चन्द्र शर्मा ने शनिवार को बताया कि समिति ने 25 जून को सायं 5 बजे भाजपा के केन्द्रीय कार्यालय में एक कार्यक्रम का आयोजन किया है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा, प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू, सह-प्रभारी तरुण चुघ आपातकाल में दिल्ली से बंदी बनाये गये लगभग 200 लोगों एवं अज्ञातवास में रह कर काम करने वाले कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करेंगे। भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि 25 जून,1975 को कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन किया था और उसी समय से कांग्रेस में आंतरिक लोकतंत्र भी नहीं है। दिल्ली भाजपा सभी 14 संगठनात्मक जिलों में आपातकाल विरोधी कार्यक्रम आयोजित कर कांग्रेस के लोकतंत्र विरोधी चरित्र को उजागर करेगी ताकि वर्तमान पीढ़ी को कांग्रेस का असली चेहरा दिखाई दे।