Sat. May 18th, 2024

सुषमा स्वराज से मिलीं संयुक्त राष्ट्र महासभा की निर्वाचित अध्यक्ष

Share this News

नई दिल्ली, 13 अगस्त (हि.स.)। संयुक्त राष्ट्र महासभा की निर्वाचित अध्यक्ष सुश्री मारिया फर्नांडा एस्पिनोसा गार्सेस ने शुक्रवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मुलाकात की। स्वराज ने 73वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्‍यक्ष निर्वाचित होने पर सुश्री एस्पिनोसा को बधाई दी। मारिया गार्सेस संयुक्त राष्ट्र आमसभा की चौथी महिला अध्यक्ष हैं। संयुक्त राष्ट्र आमसभा की पहली महिला अध्यक्ष होने का गौरव भारत की विजयलक्ष्मी पंडित को हासिल है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि सोमवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की निर्वाचित अध्यक्ष सुश्री मारिया फर्नांडा एस्पिनोसा गार्सेस की विदेश मंत्रालय में आगवानी की। विदेश मंत्री ने उन्हें 73वीं संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्‍यक्ष निर्वाचित होने बधाई देते हुए इसे विश्व महिला सशक्तिकरण का मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि इक्वेडोर जैसे दक्षिण अमेरिकी विकासशील देश की महिला का इतने महत्वपूर्ण पद पर आसीन होना, पूरी दुनिया की महिलाओं के लिए प्रेरणादायक होगा।
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और संयुक्त राष्ट्र महासभा की निर्वाचित अध्यक्ष सुश्री मारिया फर्नांडा एस्पिनोसा गार्सेस के बीच औपचारिक मुलाकात के बाद भारत-संयुक्त राष्ट्र दल के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बैठक हुई। इसमें भारत की ओर से विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के अलावा विदेश राज्यमंत्री एमजे अकबर, सचिव (पूर्व) प्रीति शरण, संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि सैय्यद अकबररूद्दीन सहित उच्च अधिकारियों ने हिस्सा लिया। दोनों पक्षों के बीच संयुक्त राष्ट्र आमसभा के सुधार एवं उसका विस्तार, खासकर स्थायी सदस्यता की भारत की दावेदारी को लेकर बात हुई। इसके अलावा दोनों पक्षों ने वैश्विक आतंकवाद के मुद्दे पर भी विस्तार से बात की। साथ ही दूसरे वैश्विक मुद्दों पर भी दोनों पक्षों ने विचार-विमर्श किया।
इससे पहले सुश्री मारिया फर्नांडा एस्पिनोसा गार्सेस ने दो दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की थी। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र महासभा के आगामी सत्र के लिए अपनी प्राथमिकताओं को पीएम मोदी के साथ साझा किया। प्रधानमंत्री ने उन्हें नई जिम्मेदारियों के निर्वहन में भारत की ओर से पूर्ण और रचनात्मक सहयोग का आश्वासन दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सुश्री मारिया फर्नांडा एस्पिनोसा गार्सेस ने आतंकवाद, संयुक्त राष्ट्र में सुधार और जलवायु परिवर्तन सहित प्रमुख वैश्विक चुनौतियों पर संयुक्त राष्ट्र की ओर से ठोस कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता पर चर्चा की।
संयुक्त राष्ट्र संघ (यूएन) की नवनिर्वाचित 73वीं आमसभा की अध्यक्ष चुनी गई सुश्री मारिया फर्नांडा एस्पिनोसा गार्सेस अपनी पांच दिवसीय भारत यात्रा पर हैं। सुश्री गार्सेस की भारत यात्रा 10 अगस्त से 14 अगस्त तक चलेगी।