सोनल मानसिंह, राकेश सिन्हा समेत राज्यसभा के लिए 4 मनोनीत

Share this News

नई दिल्ली, 14 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को पूर्व सांसद राम सकल, लेखक और स्तंभकार राकेश सिन्हा, मूर्तिकार रघुनाथ महापात्रा और शास्त्रीय नृत्यांगना सोनल मानसिंह को राज्यसभा के लिए नामांकित किया है।

केंद्र सरकार ने संसद के उच्च सदन के लिये मनोनीत श्रेणी में राम सकल, राकेश सिन्हा, सोनल मानसिंह और रघुनाथ महापात्रा के नाम सुझाS थे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने केंद्र द्वारा सुझाये गये नामों को अपनी स्वीकृति प्रदान कर दी है।

राम सकल उत्तर प्रदेश के रॉबर्ट्सगंज से तीन बार लोकसभा सदस्य रह चुके हैं। 55 वर्षीय रामसकल ने दलित समाज के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण काम किये हैं। वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक भी रहे हैं। वहीं राकेश सिन्हा दिल्ली विश्वविद्यालय में एसोसिएट प्रोफेसर हैं। 53 वर्षीय श्री सिन्हा की पहचान संघ विचारक और लेखक के तौर पर है। श्री सिन्हा हिन्दी सलाहकार समिति और फिल्म प्रमाणन बोर्ड के सदस्य भी रह चुके हैं। वह मूलत: बिहार से हैं।

वहीं शास्त्रीय नृत्यांगना सोनल मानसिंह को भी संसद के उच्च सदन के लिए नामित किया गया है। उन्होंने शास्त्रीय नृत्य में अमिट छाप छोड़ी है। 74 वर्षीय सोनल मानसिंह को 1992 में पद्मभूषण और 2003 में पद्मविभूषण सम्मान से भी सम्मानित हो चुकी हैं। सोनल मानसिंह पद्मविभूषण से सम्मानित होने वाली दूसरी भारतीय नृत्यांगना हैं। वह महराष्ट्र से ताल्लुक रखती हैं।

श्री कोविंद ने मूर्तिकार रघुनाथ महापात्रा को भी राज्यसभा सदस्य के रूप में नामित किया है। श्री महापात्रा ओडिशा के निवासी हैं। वह वर्तमान में ओडिशा ललित कला अकादमी के अध्यक्ष हैं। 75 वर्षीय महापात्रा को 1975 में पद्मश्री, 2001 में पद्मभूषण और 2013 में पद्मविभूषण सम्मान से सम्मानित किया जा चुका है। श्री महापात्रा को मूर्तिकला के लिए वर्ष 1964 में राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान किया गया था। उस समय उनकी आयु 22 वर्ष थी।