Sun. Apr 28th, 2024

यदि आप युवा हैं तो आपके पास सब कुछ आपके पक्ष में है, इसलिए समय का सर्वोत्तम उपयोग करें – द एडमिशन लिंक

Share this News

यदि आप युवा हैं तो आपके पास सब कुछ आपके पक्ष में है, इसलिए समय का सर्वोत्तम उपयोग करें – द एडमिशन लिंक

युवा दिवस विशेष-किसी भी देश के विकास में युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान होता है। स्वामी विवेकानंद को आदर्श प्रतिनिधि और भारतीय युवाओं के लिए प्रेरणास्त्रोत माना जाता है। कैरियर मैंटर व द एडमिशन लिंक के निदेशक अर्जुन सिंह का मानना है कि आज समूची दुनिया में भारत की पहचान युवा राष्ट्र के रूप में है। विशेषज्ञों की मानें तो वर्तमान में सुशिक्षित भारतीय युवाओं की मानसिकता खासी परिपक्व है। स्वामी विवेकानंद युवाओं का विशेष आह्वान करते हुए अनेक स्थानों पर उन्हें नए प्रतिमान गढ़ने को कहते हैं।

आज के युवाओं में सबसे खास बात है त्वरित निर्णय लेने की क्षमता। किसी जमाने में हर निर्णायक व जिम्मेदारी वाले काम के लिए बड़े-बुजुर्गों की राय पर निर्भर रहने वाली देश की युवा शक्ति आज व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभा रही है। यह युवा चेतना का ही चमत्कार है। एक समय उच्च पद के लिए निर्धारित उम्र भी योग्यता की एक कसौटी मानी जाती थी, पर अब उम्र की यह बंदिश अर्थहीन हो चुकी है। जोश से लबरेज ये युवा शिक्षा, साहित्य, कला, मनोरंजन (थियेटर, फिल्म व खेल) के अलावा उद्यम-कारोबार, उत्पादन, आयात-निर्यात, सूचना प्रौद्योगिकी, मीडिया, विनिर्माण, चिकित्सा, कानून और नीति, सामाजिक उद्यमिता, स्वरोजगार, समाजसेवा आदि क्षेत्रों में महत्वपूर्ण सोपान हासिल कर रहे हैं।

कुछ समय पूर्व तक जो व्यवसाय प्रौढ़ एवं बुजुर्गों के लिए नियत माने जाते थे, उन क्षेत्रों में भी हमारे युवा न केवल प्रवेश ले रहे हैं, वरन् अपने नेतृत्व का भरपूर लोहा भी दिखा रहे हैं। ‘उठो! जागो! और तब तक मत रुको जब तक कि लक्ष्य प्राप्त न कर लो!’ स्वामी विवेकानंद का कहा गया यह सूत्र वाक्य आज भी युवा मन को सर्वाधिक उद्वेलित करता है। जितनी बार भी पढ़ें, यह छोटा-सा प्रेरक वाक्य हर बार हमारे मन में नया जोश और ऊर्जा भर देता है। इस युवा की सोच, उनका दर्शन और धार्मिक व्याख्याएं चौंकाने की हद तक आधुनिक और स्पष्ट हैं।

यही वजह है कि 21वीं सदी के इस अति भौतिकतावादी, अर्थ-प्रधान तथा पेशेवर माहौल में भी उनको पढ़ना जरा भी असहज नहीं लगता। अपने व्याख्यानों, धार्मिक चर्चाओं और लेखों के माध्यम से वे जिस तरह राष्ट्र की युवा शक्ति को नेतृत्व क्षमता, नवाचार (इनोवेशन), प्रबंधन, सफलता और वैज्ञानिक सोच का पाठ पढ़ाते हैं, वह अपने आप में अद्भुत है। हमें इस दिशा में इसका अनुकरण कर एक बेहतर समाज व राष्ट्र के निर्माण के लिए अहंकार और निजी महत्वाकांक्षाओं का परित्याग कर परस्पर मिलकर कार्य करना होगा। क्योंकि संगठन, एकता व प्रबंधन ही सफलता की कुंजी है।