Mon. Apr 29th, 2024

अखिलेश के मामले ने पकड़ा तूल, सदन से सड़क तक कार्यकर्ताओं का आंदोलन

Share this News

लखनऊ, 12 फरवरी (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव को लखनऊ के अमौसी हवाई अड्डे पर मंगलवार को इलाहाबाद जाने से रोके जाने के कारण विपक्ष सदन से सड़क तक आन्दोलित हो गया। अखिलेश को रोके जाने पर विधानसभा में जोरदार हंगामा हुआ। हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही एक घंटे के लिए स्थगित करनी पड़ी। दोबारा 12 बजकर 20 मिनट पर कार्यवाही शुरू होते ही सपा-बसपा और कांग्रेस सदस्य नारेबाजी करने लगे। वे सरकार विरोधी नारे लगाने लगे।
लोकतंत्र का गला घोंटने का आरोप
बसपा के लालजी वर्मा ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतन्त्र का गला घोंटा जा रहा है। संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि अखिलेश यादव के प्रयागराज जाने पर हिंसा की आशंका थी इसलिये उन्हें रोका गया। सरकार कानून व्यवस्था से कोई समझौता नहीं कर सकती। सरकार की पहली प्राथमिकता कानून व्यवस्था पर लोकतन्त्र का गला घोंटने का आरोप लगाया।

भाजपा धर्म पर एकाधिकार चाहती है

सदन के बाहर बसपा विधानमंडल दल के नेता लालजी वर्मा ने कहा कि आखिलेश ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ के कार्यक्रम को टाल दिया था। वह अखाड़ा परिषद के कार्यक्रम में जा रहे थे। वहां भी जाने से रोका गया। एक तरफ तो कुंभ जाने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है दूसरी ओर वहां जाने वालों को रोका जा रहा है।
लालजी ने कहा कि भाजपा धर्म पर एकाधिकार चाहती है। भाजपा अराजक तत्वों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने सरकार के इस रवैये की निन्दा की। कांग्रेस विधान मंडल दल के नेता अजय कुमार लल्लू ने कहा कि सरकार विपक्ष के बढ़ते प्रभाव से घबरा गई है। जनता भाजपा को आगामी चुनाव में सबक सिखाएगी। विरोध जताते हुए सपा कार्यकर्ताओं ने विधान भवन के पास ही स्थित जीपीओ पार्क में गांधी प्रतिमा ​के सामने घरने पर बैठ गए।
मउ संवाददाता के अनुसार सपा मुखिया अखिलेश यादव को लखनऊ एयरपोर्ट पर रोके जाने के बाद मऊ में सपाइयों ने प्रदर्शन करके पीएम और सीएम का पुतला फूंका और शहर कोतवाली क्षेत्र के बाल निकेतन तिराहे पर प्रदर्शन किया।
इटावा में पूर्व सीएम अखिलेश यादव को अमौसी एयरपोर्ट पर रोके जाने के विरोध में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शहर के मुख्य चौराहे को जाम कर दिया। सैकड़ों की संख्या में इकट्ठे हुए सपाइयों ने शास्त्री चौराहा पर जाम लगाया। सपा कार्यकर्ताओं ने योगी सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सीओ सिटी एसएन वैभव पांडेय कई थानों के पुलिस बल के साथ सपाइयों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाने में जुटे। शास्त्री चौराहा पर प्रदर्शन से पूर्व सपा कार्यकर्ताओं ने अम्बेडकर चौराहा पर प्रदेश सरकार का पुतला फूंका।