आयुष्मान भारत का लाभ ओडिशा की जनता को क्यों नहीं मिलना चाहिए : प्रधानमंत्री

Share this News

प्रधानमंत्री ने तालचेर उर्वरक कारखाना का किया शिलान्यास, तीन साल में पूरा होगा काम
भुवनेश्वर, 22 सितंबर (हि.स.)। गरीबों के लिए सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना आयुष्मान भारत में 10 करोड़ परिवारों को शामिल किया जाएगा। आयुष्मान भारत का लाभ ओडिशा की जनता को क्यों नहीं मिलना चाहिए। गरीबों के भलाई के लिए नवीन पटनायक आयुष्मान भारत में ओडिशा को शामिल न करने के अपने निर्णय पर पुनर्विचार करें। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यह बात तालचेर उर्वरक कारखाना के शिलान्यास के बाद भाजपा द्वारा आयोजित विशाल रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उन्होंने उपस्थित लोगों से पूछा कि आयुष्मान भारत का लाभ ओडिशा की जनता को मिलना चाहिए या नहीं मिलना चाहिए । उन्होंने कहा कि इस योजना में शामिल होने के बाद यदि कोई व्यक्ति दिल्ली भी जाता है तो उसे भी इस योजना से लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यदि नवीन पटनायक आयुष्मान भारत योजना में ओडिशा को शामिल नहीं करते हैं तो वह ओडिशा के लोगों की इस मामले में सहायता नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि इस कारण वह नवीन पटनायक से आग्रह करते हैं कि वह ओडिशा को आयुष्मान भारत योजना में शामिल करें और गरीब परिवारों को लाभ प्रदान करें।
उन्होंने कहा कि ओडिशा में स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में कुछ भी बताने की जरूरत नहीं है। सारी चीजें लोगों के सामने खुली किताब की तरह हैं। राज्य में पांच नये मेडिकल कालेज खोले जा रहे हैं। तीन मौजूदा मेडिकल कालेजों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। केन्द्र सरकार की सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों द्वारा तालचेर व सुंदरगढ़ में मेडिकल कालेज खोले जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में स्वच्छता का अभियान चल रहा है। 2014 में ग्रामीण क्षेत्र में स्वच्छता के मामले में केवल 10 प्रतिशत था। लेकिन अब यह 55 प्रतिशत पहुंचा है। देश तेज गति से आगे बढ़ रहा है। ओडिशा को बहुत कुछ करना बाकी है। यह न केवल राष्ट्रीय औसत से कम है बल्कि कुछ प्रदेशों से पीछे है। आने वाले महीनों में हम इसमें आगे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि उन्होंने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से आग्रह किया था कि ओडिशा स्वच्छता के मामले में पीछे छूट रहा है। आज जब वह जगन्नाथ जी की जमीन पर आये हैं तो फिर से एक बार नवीन पटनायक से आग्रह करते हैं कि वह इस पर अधिक ध्यान दें क्योंकि यह स्वास्थ्य से जुड़ा मसला है।
उन्होंने कहा कि 2022 तक देश में कोई बिना घर के न हो इसके लिए केन्द्र सरकार कार्य कर रही है। ओडिशा को दी जाने वाली राशि में 40 प्रतिशत से अधिक वृद्धि की गई है।
गणेश जी व माता हिंगुला के आशीर्वाद से तालचेर परियोजना नये ओडिशा के निर्माण की नयी गाथा लिखेगा। उन्होंने कहा कि तालचेर का फर्टिलाइजर प्लांट नये विकास की धुरी बनेगा। इस प्लांट के बाद पूरे इलाके को नयी गति मिलेगी। तालचेर का कारखाना पहले की सरकारों की विफलता का प्रतीक है। यह कारखाना हमारी सरकार की सफलता का प्रतीक बन कर रहेगा, यह विश्वास दिलाता हूं।
पहले की सरकारों की नीतियां व नीयत ऐसी रही कि देश के अनेक कारखाने बंद हुए। एक बार जब बंद हुई तब फिर शुरु नहीं पाई। पिछली सरकार ने इस प्लांट को शुरु करने का निर्णय तो लिया लेकिन यह सिर्फ कागजों पर रही। लेकिन भाजपा की सरकार आने के बाद इसमें आ रही रुकावटों को दूर किया और आज का शिलान्यास हुआ।
उन्होंने कहा कि वह विश्वास दिलाते हैं कि 36 माह के बाद वह फिर से आयेंगे और इसका लोकार्पण करेंगे। देश के किसानों के लिए व अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए बंद पड़े उर्वरक कारखानों का काम फिर से शुरु करने का निर्णय किया गया है। देश के पांच शहरों में बंद पड़े उर्वरक कारखानाओं को फिर से शुरु किया जा रहा है। जब देश के पास साधन व संसाधन थे तब इन कारखानाओं को शुरु क्यों नहीं किया गया। केवल फाइलों पर ही काम क्यों हो रहे थे। पिछले सवा चार सालों से सरकार ने देश के लोगों को बैंक से जोड़ने का कार्य किया गया। अभी सरकारी योजनाओं का पैसा सीधे उनके बैंक खातों में जा रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री ने कहा था कि सौ पैसे भेजने पर 15 पैसे गरीब के पास पहुंचता है। उन्हें इस बात का पता था कि चोरी हो रही है लेकिन उसे कैसे चोरी होने से रोका जाए, इसको लेकर उन्होंने कुछ नहीं किया। लेकिन उनकी सरकार ने इस चोरी को रोकने के लिए कार्य किया। हमारी नीति व नीयत स्पष्ट है।
उज्ज्वला योजना की वजह से महिला व उनके परिवारों के स्वास्थ्य में सुधर रहे हैं। ओडिशा में गैस सिलिंडर का कवरेज जहां 2014 तक 22 प्रतिशत था। इस मामले में ओडिशा छलांग लगा रहा है। अब तक राज्य में 60 से 65 प्रतिशत परिवारों के पास गैस कनेक्शन आ चुका है।
राज्य के गरीबों को खाद्य सुरक्षा योजना के तहत दी जाने वाली चावल के बारे में प्रधानमंत्री ने उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस योजना में केन्द्र सरकार के हिस्से के बारे में आम लोगों को जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि उन्हें मजबूरन बताना पड रहा है कि ओडिशा में जो चावल दिया जाता है उसमें 30 रुपये में से 25 रुपये केन्द्र सरकार देती है।
उन्होंने कहा कि तीन तलाक मुसलमान महिलाओं के जीवन तबाह कर रहा था। लेकिन इस पर कोई बात करने को तैयार नहीं था। लोकसभा में उनकी सरकार ने इस संबंधी बिल के पारित होने के बाद राज्यसभा में इस पारित होने नहीं दिया गया। लेकिन उनकी सरकार इसे पारित कराएगी।
ओडिशा की अपनी क्षमताएं व लोगों की असीम शक्ति है। अबसे कुछ देर पहले ही तालचेर उर्वरक कारखाने का कार्य शुरु हो गया है। इस परियोजना पर सरकार 13 हजार करोड़ रुपये खर्च करने जा रही है। वह तालचेर, ओडिशा के लोगों को बधाई देते हैं। मा हिंगुला की असीम अनुंकपा है। उनकी कृपा ने यहां की धरती को प्राकृतिक संपदा दी है।
उन्होंने कहा कि वह लगातार देख रहे हैं कि ओडिशा की हर रैली पुरानी सारी रैलियों के रिकार्ड तोड़ देती है। आज की रैली ने भी सारे पुराने रिकार्ड तोड़ दिया है। यह उत्साह व उमंग, ओडिशा के लोग क्या सोच रहे हैं, इसका जीता-जागता उदाहरण है। ओडिशा के लोगों के मन में क्या है, यह साफ-साफ दिखाई दे रहा है। इस धरती पर आना उनके लिए बहुत ही सुखद अनुभव है।