Mon. Apr 29th, 2024

कहीं सगे भाई एक-दूसरे की पार्टियों के खिलाफ ठोंक रहे ताल तो कहीं पूर्व भाजपाई ही दे रहे चुनौती

Share this News

धनबाद में पीएन सिंह की सीधी लड़ाई पूर्व भाजपा सांसद कीर्ति आजाद और भाजपा विधायक संजीव सिंह के छोटे भाई सिद्धार्थ गौतम से

रांची, 26 अप्रैल (हि.स.)। झारखंड की सभी 14 सीटों पर चुनावी बिसात बिछ चुकी है। लोकसभा चुनाव के प्रचार ने काफी गति पकड़ ली है और यह रोमांचकारी होते जा रहा है। उम्मीदवारों और पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। राजनीति के दांव-पेंच दिलचस्प मोड़ पर हैं। शह और मात का खेल जारी है। ऐसे में राज्य की कुछ लोकसभा सीटें ऐसी हैं जहां भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार को और उन्हीं की पार्टी के पूर्व सांसद चुनौतीी दे रहे हैं, तो कहीं सगे भाई एक-दूसरे की पार्टियों के खिलाफ ताल ठोंकते नजर आ रहे हैं। अब सफलता किसे मिलती है यह 23 मई को ही स्पष्ट होगा।
देश के छठे और झारखंड के तीसरे चरण में 12 मई को धनबाद लोकसभा क्षेत्र में चुनाव है। यहां से सांसद पशुपतिनाथ सिंह (पीएऩ सिंह) तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। धनबाद सीट विपक्षी गठबंधन के तहत कांग्रेस के खाते में है। वहां से स्थानीय नेताओं के बदले दल बदल कर कांग्रेस में आये पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद को टिकट दिया है। हालांकि उनकी पार्टी में ही आजाद का आंतरिक विरोध हो रहा है। कीर्ति आजाद भी इस चुनाव से पहले तक भारतीय जनता पार्टी में ही थे। वे बिहार के दरभंगा से तीन बार सांसद और दिल्ली से एक बार विधायक रह चुके हैं। इसके अलावा धनबाद के सिंह मेंशन के सिद्धार्थ गौतम ने भी निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है। सिद्धार्थ पूर्व भाजपा विधायक कुंती सिंह के बेटे और हत्या के मामले में जेल में बंद भाजपा विधायक संजीव सिंह के छोटे भाई हैं। उनकी भाभी व विधायक संजीव सिंह की पत्नी भी अपने देवर सिद्धार्थ का चुनाव प्रचार नहीं कर रही हैं। वे भाजपा के पीएन सिंह के लिए काम कर रही हैं।
खूंटी में मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा के बड़े भाई कालीचरण हैं कांग्रेस उम्मीदवार
देश के पांचवें और राज्य के दूसरे चरण में छह मई को खूंटी लोकसभा क्षेत्र में मतदान होना है। झारखंड भारतीय जनता पार्टी की रघुवर दास सरकार में नीलकंठ सिंह मुंडा ग्रामीण विकास मंत्री हैं। उनके सगे बड़े भाई काली चरण मुंडा कांग्रेस के टिकट पर खूंटी लोकसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में हैं। हालांकि पिछले लोकसभा चुनाव 2014 में भी काली चरण ने खूंटी से भाग्य आजमाया था, लेकिन भाजपा के आठ बार सांसद व लोकसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर रह चुके कड़िया मुंडा ने हरा दिया था। इस बार कड़िया मुंडा को टिकट न देकर झारखंड के तीन बार मुख्यमंत्री रह चुके अर्जुन मुंडा को भाजपा ने खूंटी लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है। इसके साथ ही अर्जुन मुंडा ने मंत्री व काली चरण के छोटे भाई नीलकंठ सिंह मुंडा के घर को ही बड़ा सेंटर बनाया है। ऐसी स्थिति में दोनों भाई दो दलों के लिए काम कर रहे हैं। नीलकंठ सिंह मुंडा भाजपा के अर्जुन के लिए प्रचार कर रहे हैं तो कांग्रेस उम्मीदवार काली चरण मुंडा अपने लिए वोट मांग रहे हैं। मजेदार है कि अर्जुन मुंडा भी काली चरण और नीलकंठ सिंह मुंडा की मां से आशीर्वाद मांगने गये थे।
ससुर झामुमो का तो बागी विधायक दामाद कर रहे राजग का प्रचार
लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने से बागी हुए मांडू विधानसभा क्षेत्र से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक जयप्रकाश भाई पटेल खुले तौर पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवारों का प्रचार कर रहे हैं। रांची में रोड शो करने आये प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी उन्हें मिलवाया गया। जबकि उनके ससुर पूर्व मंत्री व टुंडी से विधायक रह चुके मथुरा महतो झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं।
झारखंड के पहले चरण के चुनाव की उल्टी गिनती शुरू, मतदान 29 अप्रैल को
देश में चौथे और झारखंड में पहले चरण के चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। राज्य में तीन लोकसभा सीटों पलामू, चतरा और लोहरदगा पर चुनाव 29 अप्रैल को होना है। इसके बाद देश के पांचवें और राज्य के दूसरे चरण का मतदान छह मई को होना है। उसमें रांची, खूंटी, हजारीबाग और कोडरमा लोकसभा सीट पर लोग वोट डालेंगे। देश के छठे और झारखंड के तीसरे चरण का चुनाव 12 मई को धनबाद, गिरिडीह, जमशेदपुर और चाईबासा लोकसभा होगा। देश के सातवें तथा झारखंड के चौथे चरण का चुनाव 19 मई को होना है। इस अंतिम चरण में राज्य के संथाल परगना के तीनों लोकसभा क्षेत्र दुमका, राजमहल और गोड्डा में मतदान होगा और लोग अपना सांसद चुनेंगे।