केन्द्र सरकार की नीति से खुल रहे हैं आर्थिक परिवर्तन और समृद्धि के द्वार

Share this News

बेगूसराय,01मार्च(हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार ने पांच साल में बेगूसराय में आर्थिक परिवर्तन की बुनियाद रख दी है। केन्द्र सरकार द्वारा यहां शुरू की गई एक दर्जन से अधिक बड़ी परियोजनाओं के कारण बेगूसराय उद्योग के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। बेरोजगारी और आधारभूत संरचना का व्यापक पैमाने पर बदलाव हो रहा है जिसके कारण ना सिर्फ बेगूसराय के आर्थिक परिवर्तन और समृद्धि के द्वार खुलने लगे हैं बल्कि, बिहार और पूरे पूर्वोत्तर भारत में विकास की एक नई शुरुआत दिखने लगी है।
बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री श्री कृष्ण सिंह के शासनकाल में स्थापित बरौनी खाद कारखाना पूर्व की सरकार की गलतियों के कारण घाटे में चल कर बंद हो गया था जिसे 2014 में सत्ता संभालने के साथ ही पुनर्जीवित करने का प्रयास प्रधानमंत्री ने शुुरू किया । फल हुआ कि भौगोलिक अध्ययन, एनओसी लेने, पुराने फर्टिलाइजर संयंत्र का स्क्रैप हटाने, जमीन लेवलिंग, पानी एवं बिजली की व्यवस्था के बाद 17 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लम्प सम टर्न की (एलएसटीके) पर आधारित खाद कारखाना के मुख्य संयंत्र का कार्यारंभ किया है।
करीब 7083 करोड़ की लागत से महारत्न कंपनी के संयुक्त उद्यम के माध्यम से बन रहा यह खाद कारखाना भारत सरकार की एक बड़ी पहल है जिससे किसानों का सशक्तिकरण, कृषि आय में वृद्धि, ग्रामीण विकास में तेजी के साथ पूरे पूर्वोत्तर भारत में आर्थिक विकास, दक्षता और आत्मनिर्भरता का द्वार खुलेगा। इस फर्टिलाइजर प्लांट के पुनर्निर्माण से हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा जिससे बेगूसराय की आर्थिक प्रगति की गाड़ी तेजी से आगे बढ़ेगी।
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की बरौनी रिफाइनरी का क्षमता विस्तार कर छह से नौ एमएमटीपीए कर दिया गया है। रिफाइनरी में पॉलिप्रोपिलीन यूनिट की स्थापना हो रही है। इससे प्लास्टिक से संबंधित उद्योगोंं की व्यापक पैमाने पर स्थापना होगी। सैकड़ों छोटे-मंझोले उद्योग लगेंगे, तो लाखों लोगों को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से लाभ होगा। इसके साथ ही रिफाइनरी में कई अन्य यूनिटों की स्थापना की जा रही है जिससे बेगूसराय और बिहार वासियों की लंबे समय से चली आ रही पेट्रोकेमिकल स्थापना की मांग का मार्ग प्रशस्त होगा। इंडजेट परियोजना लगाई जा रही है जिससे हवाई जहाज के तेल का उत्पादन होगा। इससे भी स्थानीय लोगों का तो आर्थिक परिवर्तन होगा ही पूरे पूर्वोत्तर भारत का परिवर्तन होगा।
खंडहर में तब्दील हो चुके गढ़हारा यार्ड को पुनर्जीवित करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे यहां देश का अत्याधुनिक लोको शेड बनकर तैयार हो चुका है। कई अन्य विकास परियोजनाओं पर कार्रवाई करने के प्रयास हो रहे हैं।
सरकार द्वारा बेगूसराय से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-31 को फोरलेन करने का काम जारी है। इसमें सैकड़ों स्थानीय मजदूर दिल्ली- मुंबई जाने के बदले घर के पास काम कर रहे हैं।
सिमरिया में छह लेन का सड़क पुल बन रहा है। डबल लाइन का रेलवे पुल बन रहा है। मुंगेर रेल पुल शुरू हो चुका है। सड़क पुल शुरू करने का प्रयास जोर-शोर से चल रहा है। इन आधारभूत संरचनाओं के मजबूत होने से बेगूसराय की आर्थिक, सामाजिक उन्नति होगी। रेल यातायात के माध्यम से आर्थिक उन्नति के लिए जिला से गुजरने वाली रेल लाइन का विद्युतीकरण हो रहा है। हमसफर जैसी ट्रेन की सौगात दी गई है।
सरकार ने बेगूसराय को प्रधानमंत्री ऊर्जा गंगा की प्राकृतिक गैस पाइपलाइन परियोजनाओं से जोड़ा है जिससे लोगों को स्वच्छ और हरित गैस कम दामों पर मिलेगी तो बचत का बैलेंस बढ़ेगा।
लगातार बीमार चल रहे बरौनी थर्मल पावर प्लांट को एनटीपीसी के हवाले कर दिया गया है। समुचित-सुरक्षित बिजली मिलेगी तो नये-नये उद्योग लगेंगे जिससे हजारों हाथ को रोजी-रोटी मिलेगी।
छात्रों की दशा-दिशा सुधार कर आर्थिक उन्नति के पैमाने को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के माध्यम से छात्रों को स्किल डेवलपमेंट की ट्रेनिंग दी जा रही है। रिफाइनरी भी कौशल विकास के तहत कई कार्यक्रम का संचालन कर रही है। इससे छात्र बेरोजगार ना होकर सृजनशील होंगे। सृजनशीलता से उनके परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह कहते हैं कि रूग्ण हो चुके बिहार की औद्योगिक राजधानी बेगूसराय पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सीधी नजर है जिसके कारण बेगूसराय को दस हजार करोड़ से अधिक का तोहफा दिया गया है। यह तोहफा बेगूसराय के आर्थिक परिवर्तन और समृद्धि में मील का पत्थर साबित होगा। इससे बेरोजगारी में कमी होगी, तो लोगों की आय में वृद्धि होगी।