चूड़ा -दही भोज के बहाने सियासी गांठ मजबूत करने की कवायद

Share this News

पटना, 14 जनवरी (हि.स.)। राजधानी पटना में मकर- संक्राति के अवसर पर जहां एनडीए के घटक दलों के रहनुमाओं ने चूड़ा-दही खिलाने के बहाने अपनी सियासी गांठ को और मजबूत करने की कोशिश की वहीं लालू प्रसाद के जेल में होने की वजह से राजद खेमे में शांति पसरी रही। पटना में लोजपा के दफ्तर, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह के आवास और भाजपा के एमएलसी रजनीश कुमार के आवास पर आयोजित चूड़ा -दही के भोज में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी समेत एनडीए के कई कद्दावार नेता बारी-बारी से शामिल हुए। चूड़ा-दही, तिलकुट और आलू -गोभी की सब्जी के जायके साथ एनडीए की मजबूती को परवान चढ़ाने की पूरी कोशिश की गई।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण के घर पर आने के पहले लोजपा के मुखिया रामविलास पासवान और उनके पुत्र व सांसद चिराग पासवान भाजपा के एमएलसी रजनीश कुमार के घर पर आयोजित चूड़ा -दही के भोज में शामिल हुये, जबकि उन्होंने खुद एलजेपी के दफ्तर में एक विशाल भोज का आयोजन किया था। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी और बिहार सरकार के मंत्री ललन सिंह भी मौजूद थे। दही-चूड़ा के साथ तकरीबन 15 मिनट तक ये लोग दोस्ताना अंदाज में आपस में गुफ्तगू करते रहे। इस मौके पर रजनीश कुमार ने खासतौर से लजीज खिचड़ी और पापड़ का भी बंदोबस्त कर रखा था।
इसके बाद सभी लोग जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह के 36 हार्डिंग रोड स्थिति आवास पर पहुंचे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रशांत किशोर का वशिष्ठ नारायण सिंह पहले ही स्वागत कर चुके थे। रजनीश कुमार के आवास की अपेक्षा यहां भीड़ ज्यादा थी। घर के सामने का पार्क लोगों से ठसाठस भरा हुआ था। चूड़ा -दही के कई काऊंटर बने हुये थे और मैदान में बहुत सारी टेबल और कुर्सियां लगी हुई थीं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत एनडीए के तमाम वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरों को अपने मोबाइल पर कैद करने के लिए लोग आपस में ही भिड़े जा रहे थे।
लोजपा के दफ्तर में भी कमोबेश यही स्थिति थी। दफ्तर के सामने सड़क की दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लगी हुई थीं। रामविलास पासवान और चिराग पासवान अपने परिवार के अन्य सदस्दयों के साथ वहां आने वाले लोगों को पूरी गर्मजोशी के साथ स्वागत करते हुये नजर आये।
केंद्रीय मंत्री अश्वनी चौबे ने राजेंद्र नगर स्थिति शाखा मैदान में अलग से चूड़ा दही -भोज का इंतजाम किया था। इस में ज्यादातर भाजपा के ही लोग शामिल हुये।
इसी तरह कांग्रेस की ओर से सदाकत आश्रम में प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा की ओर से चूड़ा- दही भोज का आयोजन किया गया था। इस भोज में वैसे तो तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन के सभी घटक दलों के रहनुमाओं को आमंत्रित किया गया था, लेकिन ज्यादातर भीड़ कांग्रेसी नेताओं की ही थी।
कभी लालू प्रसाद के रहते राजद खेमे में चूड़ा -दही के भोज का जबरदस्त आयोजन हुआ करता था, लेकिन इस बार उनके जेल में होने की वजह से इस तरह के आयोजन से राजद ने अपने आप को पूरी तरह से दूर रखा है। राबड़ी देवी के घर आसपास शांति पसरी हुई है। कुछ इसी तरह का आलम राजद कार्यालय में है।