Sun. May 19th, 2024

झाविमो के गोड्डा उम्मीदवार प्रदीप यादव पर उनकी ही पार्टी की महिला ने लगाया यौन शोषण का आरोप

Share this News

रांची,04 मई (हि.स.)।
झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) के गोड्डा उम्मीदवार प्रदीप यादव पर उनकी ही पार्टी की एक महिला ने यौन शोषण का आरोप लगाया है। शुक्रवार देर रात पीड़ित महिला थाना पहुंची और प्रदीप यादव के खिलाफ यौन शोषण का आरोप लगाई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार महिला ने लिखित शिकायत थाने में दी है। पुलिस पीड़ित महिला से पूछताछ कर रही है। महिला के आरोपों के आधार पर पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि होटल में बुलाकर जबरदस्ती कर उसकी अस्मत लूटने का प्रयास किया गया है। रांची निवासी महिला ने 20 अप्रैल की रात हुई इस घटना की जानकारी देवघर महिला थाना में दी है। महिला ने आरोप लगाया है कि प्रदीप यादव इस दौरान उसका पर्स भी ले गए उसमें दो लाख रुपये मौजूद थे।
देवघर के पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता ने लिखित शिकायत की है। जिस स्थान का जिक्र महिला ने आरोप में किया है। वहां के सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जा रही है। यह घटना ने गोड्डा लोकसभा सीट के चुनावी माहौल में नया ट्विस्ट पैदा कर दिया है। पहले ही यह सीट झाविमो को दिए जाने और यहां से प्रदीप यादव की उम्मीदवारी पर विवाद उठते रहे है। नामांकन की आखिरी दिन तक इस बात की आशंका जाहिर की जा रही थी कि कांग्रेस के पूर्व सांसद फुरकान अंसारी निर्दलीय मैदान में उतर जायेंगे। ऐसा तो नहीं हुआ मगर अब महिला के यौन शोषण के आरोप में चुनावी माहौल गर्म हो गया है।
प्रदीप यादव से संपर्क करने पर उन्होंने कहा कि चुनाव में हार की आहट से विपक्ष अंतिम हथियार के रूप में यौन शोषण जैसे आरोप प्रायोजित कर रहा है यह पूरी तरह से विपक्ष की साजिश है। एक महिला को इसके लिए इस्तेमाल किया जा रहा है और वह पूरी तरह से निराधार है।