Mon. Apr 29th, 2024

डीएम द्वारा मुख्यमंत्री योगी से वार्ता कराने के आश्वासन के बाद किसानों का धरना खत्म

Share this News

नोएडा/नई दिल्ली  (हि.स.)। नई भूमि अधिग्रहण नीति के तहत मुआवजे की मांग को लेकर नोएडा को दिल्ली से जोड़ने वाले डीएनडी फ्लाईओवर पर धरना दे रहे किसानों ने शनिवार को गौतमबुद्ध नगर के डीएम बृजेश नारायण सिंह के आश्वासन के बाद अपना धरना समाप्त कर दिया। डीएम ने किसानों को आश्वासन दिया है कि एक सप्ताह के अंदर उनकी सभी मांगों को मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे और उनकी मुख्यमंत्री से वार्ता भी कराएंगे। यह धरना किसान नेता मनवीर सिंह तेवतिया के नेतृत्व में कई जिलों के किसानों द्वारा दिया जा रहा था, जिसमें मुख्य रूप से गौतमबुद्ध नगर, आगरा, बागपत, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर व शामली के किसान मौजूद थे। इस धरने में शामिल होने के लिए किसान अपने ट्रैक्टरों व गाड़ियों से पहुंचे थे। जबकि बिहार के किसान बसों द्वारा नोएडा पहुंचे थे।
किसान नेता मनवीर सिंह तेवतिया ने बताया कि उनका यह धरना सरकार द्वारा पूर्व में अधिग्रहित की गई जमीन का 2013 की नई भूमि अधिग्रहण नीति के तहत मुआवजा नहीं देने और बिहार में गेल इंडिया द्वारा किसानों के साथ भूमि अधिग्रहण के लिए की जा रही मनमानी के विरोध में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर डीएम द्वारा 7 दिन के अंदर मुख्यमंत्री से वार्ता नहीं कराई गई तो हम यहां फिर से धरने के लिए आएंगे।
तेवतिया ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा किसानों की जमीन का अधिग्रहण धारा-70 के तहत कार्रवाई कर किया जा रहा है, जो गैरकानूनी है। सरकार को इसकी सीबीआई जांच करानी चाहिए। हम इस भूमि अधिग्रहण को गैरकानूनी साबित कर देंगे।
उल्लेखनीय है कि इस धरने में शामिल होने के लिए शुक्रवार शाम से ही बड़ी संख्या में महिलाएं भी किसानों के साथ पहुंची थीं। इस बीच सभी किसान अपने साथ खाने-पीने का सामान व खाना बनाने के लिए राशन सामग्री भी लेकर आए थे। धरने को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने भी पूरी तरह एहतियात बरती। खुद एसएसपी वैभव कृष्ण व एसपी सिटी सुधा सिंह ने डीएनडी पहुंचकर तमाम फोर्स के साथ मोर्चा संभाला। फिलहाल किसानों ने 24 घंटे के अंदर अपना धरना समाप्त कर दिया है। हालांकि उन्होंने एक सप्ताह के बाद मुख्यमंत्री से वार्ता नहीं होने पर फिर से धरना देने की चेतावनी जिला प्रशासन को दी है।