दस करोड़ लोगों की भावनाओं का संकलन है संकल्प पत्र: मनोज सिन्हा

Share this News

गाजीपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। देश भर के लगभग 10 करोड़ समाज के हर वर्ग के लोगों की भावनाओं के संकलन के आधार पर भाजपा का संकल्प पत्र बनाया गया है।
ये बातें भारतीय जनता पार्टी के गाजीपुर लोकसभा उम्मीदवार व केन्द्रीय मंत्री मनोज सिन्हा ने रविवार को सदर विधानसभा में जन सभाओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि इस संकल्प पत्र में भारत की अर्थव्यवस्था को 2019 से 2024 तक पांच लाख करोड़ डालर बनाने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे देश जब 2047 में स्वतंत्रता दिवस की 100वीं वर्षगांठ मनाएं, तब हमारा देश विकासशील नहीं विकसित भारत कहलाए। उन्होंने कहा कि किसी राष्ट्र के विकास व गरीबी को दूर करने में अर्थव्यवस्था का बहुत बड़ा महत्व है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आर्थिक नितियों के कारण देश आज हर क्षेत्र मे मजबूत हुआ है। देश की भौतिक संरचना मजबूत हुई है।
सभाओं को सम्बोधित करते हुए विधायक डा. संगीता बलवन्त ने कहा कि कुशल नेतृत्व क्षमता के कारण आज भारत की ख्याति विश्व मे दीप्तिमान हुई है।यह चुनाव सिर्फ वोट देने का नही भारत के भविष्य को सवारने व विश्व गुरु बनाने का चुनाव है। कुर्था की सभा में फिरोज अहमद को मनोज सिन्हा ने माला पहना कर पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई।