नमामि गंगे परियोजना के तहत 23 फरवरी तक आरती का होगा कार्यक्रम

Share this News

बेगूसराय,06फरवरी(हि.स.)। नमामि गंगे अभियान की तहत मंगलवार की रात बेगूसराय जिला के सिहमा गंगा तट पर आरती की गयी। बेगूसराय नगर निगम द्वारा आयोजित इस महाआरती में वाराणसी से आए आचार्य सोमेश पाठक ने पूजा अर्चना के बाद देर शाम आरती का मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया। इस दौरान पूरा इलाका ‘ओम जय गंगे मैया, जय जय गंगे मैया’ से गूंजता रहा। मौके पर नगर विकास एवं आवास विभाग के नमामि गंगे स्टेट प्रोग्राम मैनेजमेंट ग्रुप द्वारा प्रोजेक्टर के माध्यम से गंगा यात्रा का दर्शन कराया। इससे पहले मेयर उपेन्द्र प्रसाद सिंह, उप महापौर राजीव रंजन, नगर आयुक्त, बजरंग दल के उत्तर प्रांतीय संयोजक शुभम भारद्वाज, वरिष्ठ भाजपा नेता बवन कुमार पवन, भाजयुमो उपाध्यक्ष धीरज भारद्वाज, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट एक्सपर्ट अजीत नयन,
नमामि गंगे परियोजना के मूल्यांकन एवं अनुश्रवण पदाधिकारी रणविजय कुमार सिंह आदि ने गंगा की पूजा अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उपस्थित हजारों लोगों ने गंगा में प्लास्टिक, पूजा सामग्री समेत कोई भी चीज नहीं डालने तथा गंगा को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। मौके पर शुभम भारद्वाज ने कहा कि इस तरह का आयोजन सभी गंगा घाटों पर होना चाहिए। इससे लोगों में जीवनदायिनी मां गंगा के स्वच्छता के प्रति जागृति फैलेगी। नमामि गंगा परियोजना की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि देश के समग्र विकास में अनवरत लगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मां गंगा के दशा को देखा और समझा। जिसका प्रतिफल है कि अब लोग भी गंगा को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक हो रहे हैं। नमामि गंगे परियोजना के मूल्यांकन एवं अनुश्रवण पदाधिकारी रणविजय कुमार सिंह ने बताया कि परियोजना के तहत बिहार सरकार के नगर विकास विभाग द्वारा स्थानीय नगर निगम, नगर परिषद एवं नगर पंचायत के सहयोग से एक से 23 फरवरी तक यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 23 गंगा तटों पर कार्यक्रम चलेगा। उन्होंने बताया कि बक्सर, मुंगेर, खगड़िया, जमालपुर और बेगूसराय नगर क्षेत्र में कार्यक्रम संपन्न हो चुका है। आठ फरवरी को दानापुर, मनेर, बाढ़ एवं फतुहा नगर क्षेत्र में स्वच्छता जागरूकता अभियान एवं आरती का कार्यक्रम होगा। 12 फरवरी को भागलपुर, सुल्तानगंज, कहलगांव एवं नवगछिया, 15 फरवरी को सोनपुर, हाजीपुर, छपरा एवं दिघवारा, 18 फरवरी को पटना, 21 फरवरी को तेघड़ा एवं मोकामा तथा 23 फरवरी को बड़हिया, मनिहारी एवं बख्तियारपुर नगर क्षेत्र के गंगा तट पर कार्यक्रम की तैयारी की गई है।