Wed. May 15th, 2024

पूर्वी दिल्ली में बाहरी बनाम स्थानीय की लड़ाई बनाने में जुटे लवली

Share this News
No

नई दिल्ली, 02 मई (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), कांग्रेस व आम आदमी पार्टी ने अपने- अपने उम्मीदवारों के लिए प्रचार तेज कर दिया है। भाजपा ने इस बार पूर्वी दिल्ली से सांसद महेश गिरी का टिकट काटकर क्रिकेटर गौतम गंभीर को उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने इस सीट से अरविंदर सिंह लवली को टिकट दिया हैं। आप ने अपनी तेज तर्रार महिला नेता अतिशी को मैदान में उतारा है।
पूर्वी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अरविंदर सिंह लवली ने गुरुवार को ‘हिन्दुस्थान समाचार’ से बातचीत करते हुए कहा कि पूर्वी दिल्ली सहित पूरी दिल्ली को विकास के नाम पर भाजपा व आप ने ठगा है। उन्होंने कहा कि जब पूर्वी दिल्ली में सीलिंग शुरू हुई तो भाजपा व आप के चुने हुए जन प्रतिनिधि सोए हुए थे। लवली ने कहा कि उन्होंने न्याय नाम से अभियान चलाकर सीलिंग का विरोध किया उसके बाद दोनों दलों के जनप्रतिनिधि जागे। लवली ने कहा कि वो पूर्वी दिल्ली के रहने वाले हैं। वो यहां बाहरी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वो क्षेत्रीय समस्याओं से अवगत हैं। लवली ने कहा कि भाजपा के उम्मीदवार गौतम गंभीर व आप की उम्मीदवार अतिशि बाहरी हैं। इन दोनों को ही यहां की जनता वोट नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि प्रचार के दौरान उन्हें जनता का समर्थन मिल रहा है। पूर्वी दिल्ली के लोगों ने कांग्रेस को वोट देने का मन बना लिया है। यहां की जनता किसी बाहरी को वोट नहीं देना चाहती।
उल्लेखनीय है कि इस सीट पर भाजपा और कांग्रेस दोनों का दबदबा रहा है। वर्ष 1966 से अस्तित्व में आने के बाद से 6 बार कांग्रेस व 6 बार भाजपा के उम्मीदवार इस सीट से चुनाव जीत चुके हैं।
पूर्वी दिल्ली के सांसद महेश गिरी ने वर्ष 2014 में हुए चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज की थी। इस चुनाव में आप के उम्मीदवार रहे राजमोहन गांधी को हराकर गिरी सांसद बने थे। गिरि को तब चुनाव में 5,72,202 वोट मिले थे। राजमोहन गांधी को कुल 3,81,739 वोट मिले थे और कांग्रेस उम्मीदवार रहे संदीप दीक्षित को महज 203240 वोट मिले थे।