बिहार की इंटर परीक्षा में नालंदा की रोहिणी प्रकाश विज्ञान में व बेतिया की कला में रोहिणी रानी बनी टॉपर

Share this News
No


बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने घोषित किया इंटर का रिजल्ट,79.79 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण

पटना,30 मार्च (हि.स.)। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की इंटर की वार्षिक परीक्षा के तीनों संकायों के परीक्षा परिणाम शुक्रवार को समिति ने जारी कर दिए। इस वर्ष सभी संकायों में लड़कियों का प्रदर्शन अच्छा रहा है। तीनों संकायों को मिलाकर 10 लड़कियां टॉपरों की लिस्ट में हैं। इसमें विज्ञान संकाय में 01, कॉमर्स संकाय में पांच और कला संकाय में 04 लड़कियों ने बाजी मारी है। तीनों संकायों को मिलाकर 79.76 प्रतिशत परीक्षार्थी पास हुए हैं। कुल 10 लाख 19 हजार 795 विद्यार्थी उत्तीण हुए हैं। इस साल पहली बार मार्च में इंटर का रिजल्ट जारी हुआ जो एक रिकॉर्ड है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर और मानव संसाधन विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव आरके महाजन ने शनिवार को यहां तीनों संकायों के परीक्षा परिणाम जारी किये।
विज्ञान संकाय के टॉपरों में नालंदा की रोहणी प्रकाश और पवन कुमार हैं। ये दोनों संयुक्त रूप से 94.06 प्रतिशत अंकों के साथ पूरे बिहार में टॉपर रहे हैं। दोनों को 473 अंक मिले हैं। रोहणी नालंदा जिले के प्लस टू हाई स्कूल सरबहदी और पवन कुमार अरवल जिले के गवर्मेंट हाई स्कूल किंजर के छात्र हैं। सेकेंड टॉपर समस्तीपुर जिले के सत्यजीत सुमन और पश्चिमी चंपारण के शुभंकर कुमार हैं। दोनों को 472 अंक मिले हैं जो 94.4 प्रतिशत है। थर्ड टॉपर कटिहार के मोहम्मद अहमद हैं। मोहम्मद अहमद को कुल 471 मिले हैं जो 94.2 प्रतिशत है।
कामर्स के टॉपर बरबीद्या, शेखपुरा के सत्यम कुमार हैं। इन्हें कुल 472 अंक मिले हैं जो कुल अंकों का 94.4 प्रतिशत है। सत्यम एसकेआर कॉलेज के छात्र हैं। सेकेंड टॉपर पटना आर्टस कॉलेज के सोनू कुमार हैं। सोनू को 470 अंक मिले हैं जो कुल अंकों का 94 प्रतिशत है। वहीं थर्ड टॉपर पश्चिम चंपारण, बगहा की श्रेया कुमारी है। श्रेया को 469 अंक मिले हैं जो कुल अंकों का 93.08 प्रतिशत है। कॉमर्स में पांच लड़कियों ने बाजी मारी है।
कला में बेतिया की रोहिणी रानी और गया के मनीष कुमार टॉपर हैं। दोनों को 463 अंक मिले जो कुल अंकों का 92.06 है। रोहिणी संत टरेसास गल्स हाई स्कूल, बेतिया की छात्रा हैं। वहीं मनीष गया कॉलेज के छात्र है। सेकेंड टॉपर पश्चिम चम्पारण के विकास कुमार और मेहनूर जहां है। इन्हें 460 मिले हैं जो कुल अंकों का 92 प्रतिशत है। विकास प्लस टू वैद्यनाथ हाई स्कूल के छात्र हैं। मेहनूर जहां प्लस टू नेशनल एकेडमी हाईस्कूल किशनगंज की छात्रा है। थर्ड टॉपर जमुई की हर्षिता कुमारी और निशिकांत कुमार झा हैं। दोनों सिमुलतल्ला आवासीय विद्यालय ,जमुई के विद्यार्थी हैं। इन्हें 458 अंक मिले हैं।