बेगूसराय:भूमिहारों के प्रभुत्व वाले लोकसभा क्षेत्र में होगी निष्ठा की अग्नि परीक्षा

Share this News

बेगूसराय,27 फरवरी(हि.स.)। बिहार के राजनीतिक जीवन में जातीयता का बोलवाला होने के कारण भूमिहारों के प्रभुत्ववाले बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र में 2019 के चुनाव में उनकी निष्ठा की अग्नि परीक्षा होने वाली है कि वे राजग को गले लगायेंगे या यूपीए का साथ देंगे। कम्युनिस्टों का कभी गढ़ कहे जाने वाले बेगूसराय में जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया के भाकपा उम्मीदवार बनकर चुनावी जंग में कूदने पर मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है। यहां के सांसद डॉ. भोला सिंह के निधन से खाली पड़ी यह सीट तालमेल में लोजपा को मिलने और मुंगेर की वर्तमान सांसद वीणा देवी के उम्मीदवार बनने के आसार हैं। गरीब सवर्णो के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का भी बेगूसराय में असर दिख सकता है ।
सामाजिक बनावट
बेगूसराय के सामाजिक समीकरणों में भूमिहार भारी पड़ते रहे हैं। सात विधानसभा क्षेत्र वाले बेगूसराय की जातीय बसावट भी भूमिहार प्रभुत्व वाला माना जाता है। बेगूसराय, मटिहानी और तेघड़ा विधानसभा क्षेत्र में अन्य क्षेत्रों के अलावा ज्यादा भूमिहार बसते हैं, लेकिन तेघड़ा इलाके का स्थानीय परिणाम कभी अचानक से बदल भी जाता है। बछवाड़ा और साहेबपुर कमाल यादव प्रभाव वाले क्षेत्र है। जबकि बखरी (सुरक्षित) और चेरिया वरियापुर अतिपिछड़ों का प्रभाव वाला माना जाता है। इस संसदीय क्षेत्र में पांच लाख से अधिक भूमिहार तथा यादव एवं मुस्लिम वोटर करीब दो-दो लाख होंगे।
भूमिहार फैक्टर
2009 को छोड़ दें तो 1952 से 2014 तक इस सीट सवर्णों का ही कब्जा रहा है। कांग्रेस इस सीट से लगातार भूमिहार को टिकट देती रही, तो भाकपा की पसंद भी भूमिहार ही बनते रहे। इसका कारण रहा है भूमिहार फैक्टर। बेगूसराय में परिसीमन के पूर्व और परिसीमन के बाद भी भूमिहारों का प्रभाव रहा है। पड़ोसी संसदीय क्षेत्र बलिया भी भूमिहार प्रभुत्व वाला ही था। लेकिन परिसीमन में बलिया विलोपित हो गया। बेगूसराय से एक बार ही गैरभूमिहार जीते हैं। 2009 में बिहार सरकार में मंत्री रह चुके मुंगेर जिला के निवासी जदयू के डॉ. मोनाजिर हसन निर्वाचित हुए थे। सांसदों-उम्मीदवारों की पार्टी बदलती रही, लेकिन जाति नहीं बदली।
कौन-कौन हैं दावेदार
दिवंगत भाजपा सांसद डॉ भोला सिंह का उत्तराधिकारी कौन होगा, अभी तय नहीं हुआ है। लेकिन तय है कि एनडीए का उम्मीदवार भूमिहार ही होगा। बेगूसराय जिला में एक भी विधायक भाजपा के नहीं हैं। भाजपा की ओर से सबसे बड़े दावेदार केन्द्र सरकार के मंत्री गिरिराज सिंह, विधान पार्षद रजनीश कुमार और कुंदन कुमार को माना जा रहा है। ये लोग लगातार क्षेत्र में सक्रिय हैं। हालांकि, संभव यह भी है कि नेतृत्व इन नामों के अलावा किसी अन्य को भी मैदान में उतार दे। बदले समीकरण में इसका सीधा रिश्ता मुंगेर से जुड़ा हुआ है। मुंगेर से जदयू के टिकट पर मंत्री ललन सिंह चुनाव लड़ने वाले हैं। इस हालत में मुंगेर की लोजपा सांसद वीणा देवी बेगूसराय से चुनाव लड़ सकती हैं। अप्रत्याशित रूप से सीट अगर जदयू के पाले में गई तो चर्चित विधायक बोगो सिंह को टिकट मिलना करीब तय ही है। महागठबंधन की ओर से यह सीट सीपीआई के खाते में जाएगी, यही आम धारणा है। लेकिन यह अंतिम निर्णय नहीं है। 2014 के चुनाव में जदयू का समर्थन रहने के बाद भी सीपीआई के राजेंद्र प्रसाद सिंह तीसरे स्थान पर रहे थे। इसलिए सीपीआई और भूमिहार होने के कारण डॉ. कन्हैया कुमार का महागठबंधन से टिकट पक्का नहीं माना जा सकता है। भाकपा के हिस्से में नहीं जाने पर भी कन्हैया यहां से चुनाव लड़ेंगे जरुर। राजद एवं कांग्रेस यहां अपनी दावेदारी जता रही है। विगत चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे तथा क्षेत्र में लगातार क्रियाशील राजद के डॉ. तनवीर हसन प्रबल दावेदार हैं। जबकि बलिया की सांसद रह चुकी चंद्रभानू देवी की पुत्री, बेगूसराय नगर से कांग्रेस विधायक अमिता भूषण भी दावेदारी जता रही हैं। सीट कांग्रेस के हिस्से में गई तो सार्जन सिंह को भी मौका मिल सकता है। यानी दोनों खेमों में टिकट के दावेदार भी हैं और मौन रहने की भी राजनीति है। राजनीतिक पार्टियां किस नेता के सिर उम्मीदवारी का ताज रखती है, इस पर सब की नजर है।
आसान नहीं है कन्हैया की डगर
जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष डॉ. कन्हैया कुमार को विपक्ष का उम्मीदवार बनाया भी जाता है तो भूमिहारों के दबदबे वाली इस सीट से उनका चुनावी आगाज बेहद कठिन होगा। पूरब के लेनिनग्राद के नाम से चर्चित बेगूसराय में कन्हैया के सहारे वामपंथ की वापसी का रास्ता जातीय समीकरण के दलदल में फंस सकता है। भूमिहारों ने बेगूसराय को वामपंथ का गढ़ बनाया भी और ढ़ाह भी दिया। 1960 के दशक में लाल मिर्च, दियारा और टाल इलाके में से जुड़े लोगों ने वामपंथी आंदोलन का साथ दिया था। शोषित भूमिहारों ने सामंत भूमिहारों के खिलाफ हथियार उठा लिया। 1995 तक बेगूसराय लोकसभा की सात में पांच सीटों पर वामपंथी दलों का कब्जा था। इसके पतन की शुरुआत लालू यादव की सरकार द्वारा सवर्णों के खिलाफ चलाए गए मुहिम से हो गया। मध्य बिहार में भूमिहारों की रणवीर सेना ने माले से दो-दो हाथ किया और कई जातीय नरसंहार हुए। इसके साथ ही बेगूसराय के भूमिहारों का वामपंथ से मोह भंग होकर कांग्रेस की तरफ झुकाव हुआ। 1997 में कांग्रेस ने राबड़ी सरकार को समर्थन दिया तो बेगूसराय के भूमिहारों का बड़ा तबका कांग्रेस से दूर हो गया। अधिकतर लोग एनडीए गठबंधन के साथ चले गए। 2000 के चुनाव में लालू यादव ने जब वाम मोर्चा के साथ राजनीतिक साझीदारी की तो पूरब के लेनिनग्राद से वामपंथ का खात्मा हो गया।
अंतिम समय में बदलती है रणनीति
चुनावी विश्लेषक मानते हैं कि बेगूसराय लोकसभा सीट का मतदान हमेशा से ही अंतिम समय में बदलता है तथा लोग दल नहीं, जिताऊ प्रत्याशी के पक्ष में वोटिंग करते हैं। जिसका प्रमाण है 2014 का चुनाव। जिसमें कि एनडीए के डॉ भोला सिंह का मुकाबला जदयू समर्थित सीपीआई प्रत्याशी राजेंद्र प्रसाद सिंह से था। लेकिन, चुनाव की पूर्व रात अचानक से समीकरण बदला और मतदान शुरू होते ही पूरी तरह से बदल गया। लोगों को लगा कि मुस्लिम समुदाय का बहुत एक तरफा वोट राजद के प्रत्याशी डॉ तनवीर हसन को जा रहा है। जिससे एनडीए और सीपीआई दोनों को हानि होगी तथा राजद प्रत्याशी जीत जाएंगे। जिसके बाद अचानक गणित बदला और सीपीआई के समर्थकों ने भी एनडीए की प्रत्याशी को वोट किया। जिसका प्रतिफल हुआ कि 428227 (41 प्रतिशत) वोट लाकर डॉ भोला सिंह जीत गए। राजद के डॉ तनवीर हसन को 369892 (35 प्रतिशत) तथा भाकपा के राजेन्द्र प्रसाद सिंह को 192639 (18 प्रतिशत) वोट मिला।
1944 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग
इस बार के आम चुनाव में 299 अधिक बूथों पर मतदान किए जाएंगे। चेरिया बरियारपुर में नए पुनरीक्षण के आधार पर 241, बछवाड़ा में 299, तेघड़ा में 278, मटिहानी में 325, साहेबपुर कमाल में 245, बेगूसराय में 312 तथा बखरी में 244 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
बढ़ गए हैं करीब डेढ़ लाख वोटर
विगत चुनाव के मुकाबले वोटरों की संख्या में एक लाख 45 हजार 392 की वृद्धि हुई है। 19 लाख 42 हजार 769 मतदाता मतदान करेगें। जिसमें दस लाख 34 हजार 260 पुरुष, नौ लाख आठ हजार 446 महिला एवं 63 अन्य हैं। सबसे अधिक तीन लाख 20 हजार 830 वोटर बेगूसराय विधानसभा में हैं। जबकि, मटिहानी में तीन लाख 19 हजार 199, बछवाड़ा में दो लाख 86 हजार 61, तेघड़ा में दो लाख 77 हजार 484, बखरी में दो लाख 56 हजार 887, चेरिया वरियारपुर में दो लाख 41 हजार 239 तथा साहेबपुर कमाल में दो लाख 41 हजार 69 वोटर हैं। चुनाव आयोग द्वारा लगातार किए विशेष पुनरीक्षण कार्य कराये जा रहे हैं। जिससे वोटरों की संख्या में फेरबदल मार्च तक हो सकता है।