बेगूसराय को मिले चार स्पेशल ट्रेन, रांची और हैदराबाद जाना हुआ आसान

Share this News

बेगूसराय, 28 फरवरी (हि.स.)। ग्रीष्मकालीन भीड़ को देखते हुए रेल मंत्रालय ने सिकंदराबाद, हैदराबाद, रांची, गया, जनकपुर धाम, नागपुर एवं प्रयागराज आने-जाने के लिए बेगूसराय को चार स्पेशल ट्रेनों का तोहफा दिया है।
07009 एवं 07010 सिकंदराबाद- बरौनी समर स्पेशल ट्रेन का संचालन मार्च माह से शुरू हो जाएगा। यह ट्रेन (07010) छह मार्च से तीन जुलाई तक प्रत्येक बुधवार को सुबह 7:10 बजे बरौनी से सिकंदराबाद के लिए रवाना होगी। जो कि बेगूसराय, साहेबपुर कमाल, मुंगेर, जमालपुर, क्यूल, नवादा, गया, कोडरमा, बोकारो स्टील सिटी, रांची, हटिया, रायपुर, गोंदिया, नागपुर होते हुए गुरुवार की रात 10:40 बजे सिकंदराबाद पहुंचेगी। सिकंदराबाद से आने के लिए यह ट्रेन (07009) तीन मार्च से 30 जून तक प्रत्येक रविवार को बरौनी के लिए रात 10:00 बजे रवाना होगी। इसी रुट से यह मंगलवार को 11:40 बजे बरौनी पहुंच जाएगी। इस ट्रेन में सामान्य श्रेणी के छह, स्लीपर क्लास के दस, एसी तीन टियर के चार एवं एसी टू टियर के एक बोगी लगाए जा रहे हैं।
सिकंदराबाद-दरभंगा(07007) वाया बरौनी प्रत्येक मंगलवार एवं शनिवार को 02 मार्च से 29 जून तक रात 10:00 बजे चलेगी। पुराने रुट से 10:43 बजे साहेबपुर कमाल, 11:05 बजे बेगूसराय एवं 11:40 बजे बरौनी पहुंचेगी। वहीं, दरभंगा-सिकंदराबाद(07008) वाया बरौनी दरभंगा से प्रत्येक शुक्रवार एवं मंगलवार को पांच मार्च से दो जुलाई तक चलेगी। सिकंदराबाद जाने के लिए यह ट्रेन (07008) सुबह पांच बजे दरभंगा से चलकर 7:00 बजे बरौनी, 7:35 बजे बेगूसराय, 7:57 बजे साहेबपुर कमाल पहुंचेगी। यहां से मुंगेर पुल, जमालपुर, किऊल, गया, बोकारो स्टील सिटी, रायपुर, दुर्ग होते हुए सिकंदराबाद पहुंचेगी।
हैदराबाद-रक्सौल(07005) वाया बरौनी सात मार्च से 27 मार्च तक प्रत्येक गुरुवार को रात 9:30 बजे हैदराबाद से चलेगी। मुंगेर पुल के रास्ते शनिवार को 10:43 बजे साहेबपुर कमाल,11:05 बजे बेगूसराय और 11:40 बजे बरौनी पहुंचेगी। रक्सौल से यह 07006 बनकर 10 मार्च से 30 जून तक रात 1:30 बजे प्रत्येक रविवार को खुलेगी। जो कि जनकपुर, समस्तीपुर, बरौनी, बेगूसराय, साहेबपुरपुर कमाल, मुंगेर, क्यूल, नवादा, गया, बोकारो स्टील सिटी होते हुए हैदराबाद तक जाएगी।
07091 पांच मार्च से 25 जून तक प्रत्येक मंगलवार को सिकंदराबाद से रात 9:40 बजे खुलेगी। यह ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) होते हुए सुबह 9:50 बजे पटना, 11:45 बजे बख्तियारपुर, 11:18 बजे मोकामा एवं दोपहर 12:10 बजे बरौनी पहुंचेगी। वापसी में 07092 बनकर आठ मार्च से 28 जून तक प्रत्येक शुक्रवार को दोपहर 12:45 बजे हैदराबाद के लिए चलेगी। जो कि सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर होते हुए शाम 5:55 बजे बरौनी, 6:53 बजे मोकामा, 7:28 बजे बख्तियारपुर एवं 8:30 बजे पटना पहुंचेगी तथा दानापुर, आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय), सतना, इटारसी, नागपुर होते हुए सिकंदराबाद तक जाएगी।