मुख्यमंत्री कमलनाथ ही बने रहेंगे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष

Share this News

भोपाल, 14 जनवरी (हि.स.)। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सोमवार को दिल्ली से लौटने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को बदलने को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगा दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बदलने को लेकर सोशल मीडिया पर जो बधाई संदेश चल रहे हैं, वे फर्जी हैं। दिल्ली में गत दिनों हुई बैठक में इस मसले पर कोई बात नहीं हुई है। फिलहाल वे ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री कमलनाथ गत दिनों से दिल्ली के दौरे पर थे और शनिवार को विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह और सांसद सिंधिया को भी दिल्ली बुलाया गया था। इस दौरान उनकी प्रदेश प्रभारी दीपक बावरिया के साथ बैठक हुई थी। सिंह रविवार को दिल्ली से भोपाल लौट आए थे, तभी से उन्हें सोशल मीडिया पर नया प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने के बधाई संदेश मिल रहे थे। हालांकि, सिंह ने इसका खंडन किया था, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हें लगातार बधाई संदेश भेजते रहे। सिंह को पार्टी के कई बड़े नेता और पदाधिकारियों ने भी सोशल मीडिया पर नया प्रदेश अध्यक्ष बनने की बधाई दे दी थी।
सोमवार को दिल्ली से भोपाल लौटने के बाद मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मीडिया से चर्चा की और नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लगा दिया। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में अब केवल तीन महीने का समय बचा है। ऐसे में बदलाव पर कोई विचार नहीं किया जा सकता है। संगठन में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। दिल्ली में बैठक जरूर हुई है, लेकिन उसमें प्रदेश अध्यक्ष बदलने पर कोई चर्चा नहीं हुई है। अभी वे ही मुख्यमंत्री के साथ-साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारियां भी संभालेंगे। उन्होंने कहा कि अधिक जिम्मेदारियां होने से काम का बंटवारा किया जाएगा और नई व्यवस्था बनाई जाएगी, जिससे किसी एक पर अधिक बोझ न रहे और लोकसभा चुनाव की तैयारियां आसामी से पूरी हो सकें।
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी निसाना साधा। उन्होंने कहा कि गंगा नदी को वे क्या साफ करेंगे, जिनकी नीयत ही साफ नहीं है। सवर्ण जातियों को 10 प्रतिशत आरक्षण देने की बात पर उन्होंने कहा कि सभी के साथ बैठक कर चर्चा करने के बाद तय किया जाएगा कि इस मामले में आगे क्या करना है।