Mon. Apr 29th, 2024

मौका मिला तो चांद पर भी व्यवसाय करेंगे बिहारी : सुशील मोदी

Share this News

नागपुर, 08 फरवरी (हि.स.) । बिहार के उप-मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने बिहारियों की खिलाफत करने वाले मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग अपनी मेहनत एवं लगन से देश की तरक्की में योगदान दे रहे हैं। उन्हें रोकने का हक किसी को नहीं है। यदि मौका मिला तो बिहारी चांद पर भी जाकर व्यवसाय कर सकते हैं।
मोदी ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में बिहार के लोगों की खिलाफत करने वाले कमलनाथ और राज ठाकरे जैसे नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि हमारे देश में गुजरात और पंजाब ऐसे राज्य हैं जहां के लोग विदेशों में जाकर बस गए हैं। अपनी तरक्की के लिए स्थानांतरण करना अनुचित नहीं है। देश का संविधान सभी को पूरे देश में काम करने की छूट देता है। जो लोग अन्य राज्यों से आए लोगों का विरोध करते हैं वह अपनी संकीर्ण मानसिकता का प्रदर्शन करते हैं। यही नहीं वे लोग यह करके संविधान का भी अपमान करते हैं। बिहार के लोग यदि रोजगार के लिए अन्य राज्यों में नहीं गए तो देश के कई कारखाने बंद हो सकते हैं। बिहारी किसी का हक नहीं छीनते, बल्कि अपनी मेहनत और बुद्धि से आगे बढ़ते हैं और किसी भी चुनौती को स्वीकारना बिहारी के स्वाभाव में होता है। इसी के दम पर एक बिहारी, मॉरिशस देश का प्रधानमंत्री बना है। इतना ही नहीं भविष्य में यदि चांद पर व्यवसाय की संभावना होगी तो सबसे पहला अवादेन बिहार का ही दिखायी देगा।
बिहार के उप-मुख्यमंत्री मोदी ने कहा कि हमारी सरकार ने सत्ता में आने के बाद प्रदेश का चहुंमुखी विकास किया है। पानी, बिजली, सड़क और रोजगार जैसी सुविधाएं मुहैया करवाई हैं। नतीजतन वित्त वर्ष 2017-18 में प्रदेश की विकास दर 11.3 फीसदी रहा। इसलिए अब प्रदेश के लोग मजदूरी करने देश के अन्य राज्यों में नहीं जाते हैं, जिसके चलते देश में मजदूरों की कमी हो रही है।
राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए मोदी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद भी राहुल लगातार राफेल की माला जप रहे हैं। यह सुप्रीम कोर्ट का अपमान है। वास्तविकता यह है कि राहुल नेशनल हेरॉल्ड मामले में जमानत पर हैं। एक राष्ट्रीय पार्टी के अध्यक्ष को इस तरह की बयानबाजी करना पूरी तरह अनुचित है।