Mon. Apr 29th, 2024

राजनाथ ने बंगाल के हालात पर जताई चिंता, कहा-मां, माटी और मानुष सुरक्षित नहीं

Share this News

कूचबिहार  (हि.स.) (अपडेट)। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को पश्चिम बंगाल में दो अलग-अलग जनसभाओं को संबोधित करते हुए ममता सरकार पर जमकर निशाना साथा। अलीपुरद्वार जिले के फलाकाटा और उसके बाद कूचबिहार जिले के माथाभांगा की सभाओं में केंद्रीय गृहमंत्री ने बंगाल के वर्तमान हालात पर चिन्ता जाहिर करते हुए दावा किया कि भाजपा के सत्ता में आते ही राज्य का कायापलट होगा।
गृहमंत्री ने कहा कि एक समय पश्चिम बंगाल के बारे में यह धारणा थी कि यहां जो आज सोचता है वही कल भारत में होता है लेकिन अब यह धारणा समाप्त हो चुकी है। उन्होंने ममता सरकार से सवाल किया कि आखिर क्या कारण है कि पश्चिम बंगाल तेजी से पिछड़ता जा रहा है। राजनाथ ने कहा कि जब तृणमूल की सरकार बनी थी तो उन्होंने मां, माटी और मानुष की बात की थी लेकिन आज के पश्चिम बंगाल में न मां सुरक्षित है, न माटी सुरक्षित है, और ना ही मानुष सुरक्षित हैं। यहां अराजक तत्वों का बोलबाला है। यहां राष्ट्रविरोधी शक्तियों का बोलबाला है। यहां थाने पर हमले हो रहे हैं। पुलिस भी असुरक्षित महसूस कर रही है क्योंकि उस पर भी राजनितिक हमले हो रहे हैं।
गृहमंत्री ने चिंता जताते हुए कहा कि बांग्लादेश से अवैध घुसपैठिए पश्चिम बंगाल में आ रहे हैं और ममता सरकार उनको बढ़ावा दे रही है। अवैध घुसपैठ के कारण पश्चिम बंगाल में जनसंख्या का असंतुलन हो रहा है। राजनाथ ने आगे कहा कि सीमा पर फेंसिंग करने के लिए राज्य सरकार से जमीन मांगी जा रही है, लेकिन राज्य सरकर इसमें सहयोग नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि कॉम्प्रिहेंसिव इंटीग्रेटेड बॉर्डर मैनेजमेंट सिस्टम का सहारा लेकर भारत और बांग्लादेश की सीमा को पूरी तरह सील करेंगे, ताकि कोई भी विदेशी बिना अनुमति के देश में प्रवेश नहीं कर पाये। गृहमंत्री ने बताया कि कॉम्प्रिहेंसिव इंटीग्रेटेड बॉर्डर मैनेजमेंट सिस्टम की व्यवस्था कश्मीर में हो रही है, असम में हो रही है और पश्चिम बंगाल में भी इसकी व्यवस्था होगी।
राजनाथ ने कहा कि भारत विश्व की सबसे तेजी से उभरती हुई अर्थव्यवस्था बन गया है। 2014 में जब चुनाव चल रहा था उस समय भारत दुनियां में अर्थव्यवथा के मामले में नौंवे स्थान पर था लेकिन अब भारत अर्थव्यवस्था के मामले पांचवें स्थान पर आ गया है। गृहमंत्री ने आगे कहा कि तृणमूल सरकार ने पश्चिम बंगाल की अर्थव्यावस्था को पूरी तरह से खोखला कर दिया है।
उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल में इंवेस्टर समिट होता है लेकिन कोई यहां इन्वेस्ट नहीं करना चाहता है। पश्चिम बंगाल में रोजगार नहीं मिल रहा है। बम बनाने की फैक्ट्रियां बन रही हैं। जब तक पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था ठीक नहीं होगी, तब तक कोई निवेशक राज्य में नही आयेगा। केन्द्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुये राजनाथ ने कहा कि भारत के इतिहास में पहली बार रोज 27 किलोमीटर सड़क बन रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार राज्य को सहयोग करना चाहती है लेकिन राज्य सरकार सहयोग नहीं कर रही है।
उन्होंने कहा कि अब भारत का पैसा लेकर कोई विदेश नहीं भाग पाएगा, क्योकि सरकार ने फ्यूजिटिव इकोनॉमिक ऑफेंडर्स एक्ट बनाया है। हाल ही में अगस्ता वेस्टलैंड के आरोपित मिशेल और उनके जैसे दो आरोपितों को पकड़कर भारत लाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में लोगों को न्यूनतम मजदूरी तक नहीं मिल रही है। तृणमूल सरकार गांव, गरीब और किसान की घोर उपेक्षा कर रही है। उन्होंने दावा किया कि केन्द्र सरकार वर्ष 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी कर देगी। राजनाथ ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री का मन जनता के सुख-दुख में नहीं लग रहा है।
केन्द्र सरकार की मुद्रा योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना का लाभ लेने वाली ज्यादातर महिलाएं हैं। डीबीटी के माध्यम से सरकार ने भ्रष्टाचार कम करने का काम किया है। राजनाथ ने बताया कि गर्भवती महिलाओं के लिए भाजपा सराकर ने 26 सप्ताह की छुट्टी का प्रावधान किया है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान मोदी सरकार ने बीएसएफ को गोली चलाने की खुली छूट दे रखी है। अब गोली चलाने पर पाकिस्तान को सफेद झन्डा नहीं दिखाया जाता है, बल्कि उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया जाता है। देश में नक्सली धीरे- धीरे कम हो रहे हैं।
इसके पहले फलाकाटा में जनसभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा का कोई स्थान नहीं। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस चाहे कितना भी अत्याचार क्यों न करे लेकिन भाजपा के कार्यकर्ता हथियार नहीं उठाएंगे। भाजपा लोकतंत्र को कलंकित करने का काम नहीं करेगी। भाजपा हिंसा की राजनीति नहीं सिखाती लेकिन जो भी भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले कर रहे हैं सरकार बनने के बाद भाजपा उन्हें नहीं बख्शेगी।
राजनाथ ने कहा कि केन्द्र सरकार पश्चिम बंगाल का विकास करना चाहती है लेकिन केन्द्र सरकार की योजनाओं को तृणमूल सरकार पश्चिम बंगाल में लागू नहीं कर रही है। पश्चिम बंगाल सरकार ने केन्द्र सरकार की स्मार्ट सीटी योजना को रिजेक्ट कर दिया है। केन्द्र सरकार की ‘आयुष्मान भारत योजना’ को भी रिजेक्ट कर दिया है। केन्द्र सरकार ने देश के 50 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ देने का संकल्प लिया है।
राजनाथ ने कहा कि पश्चिम बंगाल आज पूरी तरह से असुरक्षित है। राष्‍ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्‍यूरो (एनसीआरबी) की रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में घरेलु हिंसा और महिलाओं के खिलाफ हिंसा के सर्वाधिक मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि तुष्टीकरण की राजनीति के लिए यहां दुर्गापुजा के विसर्जन की अनुमति नहीं दी जाती है। ईद और मुहर्रम की अनुमति दी जा रही है। यहां डॉक्टर, शिक्षक, प्रशासक, पुलिस अधिकारी पर राजनितिक हमले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि टीएमसी ने पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू नहीं करने दिया। चाय बागान में काम करने वाले श्रमिकों को न्यूनतम मजदूरी भी नहीं मिलती है।
मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए राजनाथ ने कहा कि मोदी सरकार ने 55 महीनों में नौ करोड़ से ज्यादा शौचालय बनावाए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना पर भी सरकार की पीठ थपथपायी। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने 4900 जनऔषधि केन्द्र खोले हैं। यहां दवाएं बहुत सस्ती मिलती हैं। 10 प्रतिशत गरीबों के आरक्षण पर भी केन्द्र सरकार की पीठ थपथपायी। उन्होंने कहा कि आज विश्व में सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्य्वस्था भारत की है। विश्व इस बात को मान रहा है। भारत अब कमजोर भारत नहीं रह गया है, बल्कि शक्तिशाली भारत बन गया है। इस संदर्भ में उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक का भी उल्लेख किया।