Mon. Apr 29th, 2024

रोड शो में कांग्रेस समर्थक बोले प्रियंका गांधी संजीवनी

Share this News

लखनऊ, 11 फरवरी (हि.स.)। कांग्रेस की नवनियुक्त राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के रोड शो को लेकर पार्टी कार्यकर्ता बेहद उत्साहित हैं। रोड शो वाहन रथ में उनके बड़े भाई व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद राज बब्बर सहित अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित हैं। प्रियंका के महासचिव बनने के बाद राजधानी में यह उनका प्रथम आगमन है। प्रियंका गांधी व राहुल गांधी के स्वागत में राजधानी को पोस्टरों व बैनरों से पाट दिया गया है।
प्रियंका गांधी जरूरी है
राजधानी में प्रियंका गांधी के रोड शो में शामिल होने के लिए प्रदेश के अन्य जनपदों से भी पार्टी के समर्थक आए हुए हैं। कोई उन्हें इंदिरा का अवतार बता रहा है तो कोई युवाओं का प्रतिनिधि बोल रहा है। हजरतगंज चौराहा पर रोड शो में शामिल होने आये समर्थकों का मानना है कि ”भारतीय राजनीति में बहुत ही कम समय में तेजी से रसातल में जा पहुंची कांग्रेस पार्टी को प्रियंंका गांधी वाड्रा संजीवनी रूप में मिली हैं। एक नया ऐतिहासिक अध्याय अब भारतीय लोकतंत्र में जुड़ने को बेताब है।” माल एवेन्यू स्थित पार्टी कार्यालय पर हिन्दुस्थान समाचार से बातचीत में कार्यकर्ताओं ने कहा कि ”देश में राहुल गांधी से भी बदलाव हुआ है। जनता की मजबूरी है, प्रियंका गांधी जरूरी है।” वहीं, इन लोगों ने भाजपा पर वादा खिलाफी के आरोप लगाए।
पति पर लगे घोटाले के आरोप से प्रियंका की छवि हुई खराब
वहीं, राजनीतिक विश्लेषक डॉ. रविश कुमार तिवारी प्रियंका के आने से आगामी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मजबूती मिलन के प्रश्न पर कहते हैं कि ऐसा फिलहाल सम्भव नहीं लग रहा है। कांग्रेस का प्रदेश में जनाधार नहीं है। पार्टी संगठन धरातल पर पूरी तरह निष्क्रिय है। वहीं प्रियंका गांधी के पति राबर्ट वाड्रा पर लगे घोटाले के आरोप आने वाले दिनों में उनकी छवि को भी प्रभावित कर सकते हैं। अभी से उन पर पति को बचाने के लिए राजनीति में आने के आरोप लग रहे हैं। वहीं इंदिरा से मिलते व्यक्तित्व पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि यह सरासर गलत है। इंदिरा का तेवर उनमें कहां है। उन्होंने ऐसा क्या किया है अब तक, जो इंदिरा से मिल रहा है।
‘मां दुर्गा का रूप बहन प्रियंका जी’ के पोस्टर लगे
रोड शो को लेकर राजधानी लखनऊ को विभिन्न बैनरों से से पाट दिया गया है। इनमें एक बैनर में प्रियंका गांधी को मां दुर्गा के रूप में प्रदर्शित किया गया है। बैनर में मोटे अक्षरों में लिखा है कि ”मां दुर्गा का रूप बहन प्रियंका जी का लखनऊ आगमन पर हार्दिक स्वागत एवं अभिनन्दन है।” वहीं, आगे लिखा है कि ”दहन करो झूठे मक्कारों की लंका बहन प्रियंका बहन प्रियंका” यहां विभन्न जगहों टांगे गये बैनरों में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी आदि के फोटो भी लगे हैं।
राफेल विमान का कटआउट लहराया
रोड शो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राफेल विमान सौदे में कथित घोटाले को लेकर राहुल गांधी घेरने से नहीं चूके। राहुल-प्रियंका ने रोड शो के दौरान बस से ही राफेल विमान का एक कटआउट लहराया।
सोशल साइट ट्वीटर पर प्रियंका की इन्ट्री
इस बीच सोशल साइट ट्वीटर पर प्रियंका ने उपस्थिति दर्ज करा दी हैं। यूपी कांग्रेस के आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से ट्वीट करके जानकारी दी गयी है कि महासचिव एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा @priyankagandhi का ट्विटर पर हार्दिक स्वागत है। हालांकि प्रियंका ने अभी तक कोई ट्वीट नहीं किया है। वह अपनी आधिकारिक खाते से कुल सात लोगों को फॉलो कर कर रही हैं। जिनमें उनके बड़े भाई व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, कांग्रेस राज्यसभा सदस्य अहमद पटेल, सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला, ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल हैं। वहीं, प्रियंका को अब तक 46 हजार लोगों ने फॉलो कर लिया है। उनके फॉलोअर्स की संख्या लगातार बढ़ रही है।