Tue. Apr 30th, 2024

सपा और बसपा के कई नेता भाजपा में शामिल

Share this News
No

लखनऊ, 25 फरवरी (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) में गठबंधन के बाद दोनों दलों के नेताओं ने पाला बदलना शुरु कर दिया है। सोमवार को बसपा के दो तथा सपा के एक पूर्व विधायक समेत कई नेता भाजपा में शामिल हो गए।
भाजपा में आज शामिल हुए बसपा नेताओं में पार्टी के कद्दावर नेता और मायावती सरकार में मंत्री रहे रामवीर उपाध्याय के पूर्व विधायक भाई मुकुल उपाध्याय भी शामिल हैं। इसके अलावा बसपा के पूर्व मंत्री रामहेत भारती, ध्रुव पराशन और सपा की पूर्व विधायक बीना भारद्वाज अपने कार्यकर्ताओं के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली।
इनमें रामहेत भारती सीतापुर के हरगांव क्षेत्र से पूर्व विधायक रहे हैं जबकि बीना भारद्वाज रामपुर के बिलासपुर से सपा विधायक रहीं हैं। वहीं ध्रुव पराशन बसपा के आगरा क्षेत्र के जोनल कोऑर्डिनेटर रहे हैं।
इसके अलावा अखिल भारतीय आगंनबाडी कर्मचारी महासंघ की अध्यक्ष श्रीमती सावित्री चैधरी (बुलन्दशहर) व कानपुर की सामाजिक कार्यकर्ता शोमिल शर्मा ने भी अपने सैकड़ो समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा0 महेंद्र नाथ पांडेय ने पार्टी कार्यालय पर इन सभी को आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण करायी। इस मौके पर डा0 पांडेय ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों को देखकर अन्य दलों के नेता भाजपा की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रही केंद्र सरकार के द्वारा लोककल्याण में किये जा रहे कार्यों और प्रदेश की योगी सरकार द्वारा जनहित में चलाये जा रही योजनाओं से आम जनमानस में भाजपा के प्रति लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा आज विपक्षी दलों में भय का वातावरण है इसीलिए लोकसभा चुनाव में अपनी हार को देखते हुए आपस में गठबंधन कर विजय के सपने संजो रहे है लेकिन भाजपा का गठबंधन जनता से है इसलिए हम एक बार फिर से लोकसभा चुनाव में भारी बहुमत से विजयी होंगे।
सदस्यता ग्रहण कराते हुए डा0 पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ चलने के लिए तैयार प्रत्येक राष्ट्रवादी व अन्त्योदय की विचारधारा को आत्मसात करने वालों का भाजपा में स्वागत है। भाजपा के पक्ष में खड़ी आपार जनशक्ति के भय ने सपा-बसपा को भयबंधन करने पर विवश किया है। उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव के बाद केंद्र में एक बार फिर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारी बहुमत वाली भाजपा सरकार बनेगी।

इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर, प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ला, प्रदेश अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा सांसद राजेश वर्मा, सांसद रेखा वर्मा, प्रदेश प्रवक्ता डा0 चन्द्रमोहन, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।