सभी सीटों पर नरेन्द्र मोदी होंगे सांसद प्रत्याशी : प्रभात झा

Share this News

गुना, 16 फरवरी (हि.स.)। इस संसदीय क्षेत्र से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रत्याशी होंगे। यह घोषणा मैं करता हूँ। सिर्फ यहीं ही क्यों, बल्कि देश की सभी 542 सीटों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही चुनाव लड़ने जा रहे है। यह आपको मानना है और भाजपा को जीत दिलाकर फिर नरेन्द्र मोदी को ही प्रधानमंत्री बनाना है। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने कही। झा शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा के संभागीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
भार्गव कृषि फार्म पर आयोजित कार्यक्रम में झा ने कहा कि 2019 का चुनाव सिर्फ एक आम चुनाव न होकर धर्म युद्ध है। इस चुनाव में देश की सुरक्षा, उसकी एकता, अखंडता और स्वाभिमान का फैसला होना है। इसलिए जरुरी है कि इस चुनाव के माध्यम से देश का नेतृत्व फिर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जैसे मजबूत हाथों में दिया जाए।
कार्यक्रम को लोकसभा प्रभारी स्वतंत्र देव सिंह सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। सभी भाजपाजनों ने कहा कि परिस्थितियां अनुकूल है, सभी मन से देश में पुन: भाजपा की सरकार बनाने में जुट जाएं। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम पारीक, गुना विधायक गोपीलाल जाटव, कोलारस विधायक वीरेन्द्र रघुवंशी, लोकसभा प्रभारी महैन्द्र यादव, सूर्यप्रकाश तिवारी, ओएन शर्मा, ममता मीना, सुशील दहीफले आदि मौजूद थे।
जो सिंधिया को हरा सकेगा, उसे टिकट मिलेगा : झा
शनिवार को अपने एक दिवसीय दौरे के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने कहा कि जो क्षेत्र में सांसद सिंधिया को हराने की ताकत रखेगा, पार्टी उसी को टिकिट देगी। उनकी उम्मीदवारी के सवाल पर उन्होंने कहा कि वे पार्टी के कार्यकर्ता हैं और पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसे पूरा करेंगी। जो निर्णय लेना है वो पार्टी लेगी।
पुलवामा हमले पर उन्होंने कहा कि सभी चाहते हैं कि जो हुआ उसका ऋण चुकाना चाहिए। सजा उनको मिलनी चाहिए, जिन्होंने हमारे शहीदों के लहु से होली खेली। इस मामले में विपक्ष भी हमारे साथ है और दूसरे देश भी।
वहीं, स्वतंत्र देव सिंह ने पत्रकार वार्ता में कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले शाईनिंग इंडिया कहकर गुमराह किया और अब राफेल कहकर गुमराह कर रहे हैं। हमारे कार्यकर्ता रुकने वाले नहीं है वे परिश्रम कर रहे हैं। जब रथ लेकर निकलेंगे और परिश्रम करेंगे तो जीत हमारी होगी। हमने लक्ष्य बना लिया है कि 2019 हमारा होगा।