उत्तर कोरिया से शिखर वार्ता 12 जून को संभव: डोनाल्ड ट्रंप

Share this News

वॉशिंगटन, 26 मई (हि.स.)। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने आशा व्यक्त की है कि प्रस्तावित शिखर वार्ता 12 जून को सिंगापुर में संभव है| इस दिशा में अधिकारीगण ने कूटनीतिक प्रयास शुरू कर दिए हैं। उन्होंने कहा है कि किसी कारणवश प्रस्तावित तिथि पर वार्ता नहीं हो पाती है, तो इसे अगले कुछ दिनों के लिए और टाला जा सकता है। उत्तरी कोरियाई तानाशाह की ओर से शिखर वार्ता के पुनर्विचार पर ट्रम्प ने उक्त निर्णय लिया है। सिंगापुर शिखर वार्ता रद्द किए जाने के अपने निर्णय के 24 घंटे बाद शुक्रवार की सुबह ट्रम्प ने अमेरिकी नौसेना की एक टुकड़ी को सम्बोधित करने से पहले व्हाइट हाउस के साउथ लान में पत्रकारों से किम के नए प्रस्ताव का स्वागत किया। अमेरिका के मित्र देश दक्षिण कोरिया में ट्रम्प के बार-बार निर्णय बदले जाने पर आश्चर्य व्यक्त किया जा रहा है| कहा जा रहा है कि पहले हां, फिर ना तथा फिर हां से शिखर वार्ता के बारे में अनिश्चतता बनना स्वाभाविक है।