पैसाडेना की 130वीं रोज परेड : सिखों की झांकी ने मोहा मन

Share this News

लॉस एंजेल्स, 02 जनवरी (हि.स.)| कैलिफोर्निया सिख समुदाय ने पैसाडेना की 130वीं रोज परेड में मंगलवार को रंग- बिरंगे फूलों से लदी एक झांकी में संगीतमय ‘नगर कीर्तन’ प्रस्तुत कर दुनियाभर के लाखों लोगों का मन मोह लिया। इस बार परेड का मूल मंत्र भी ‘संगीतमय जीवन’ था। इस गुरुद्वारे नुमा झांकी पर सिख समुदाय के पांच प्यारे थे, जो लगातार अपनी रागिनी से मन मोह रहे थे। इस झांकी में एक लाख 19 हजार रंग-बिरंगे पुष्प सजाए हुए थे। ‘नगर कीर्तन’ झांकी के संयोजक भाई भजनजीत सिंह ने बताया कि झांकी में वही गीत और लय की अद्भुत मिठास थी, जो दुनियाभर में किसी भी गुरुद्वारे में सुनाई पड़ती है।
पैसाडेना में कोलोरोड़ो बुलेवार्ड पर साढ़े पांच मील लंबी परेड में दुनियाभर से लाए गए रंग-बिरंगे गुलाब एवं अन्यान्य फूलों से सुसज्जित झांकियों के अलावा घुड़सवारों और स्कूल तथा कालेजों के सैकड़ों बच्चों की टोलियां बैंड पर संगीत की धुनें निकाल रही थीं। परेड को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लाखों लोग देर रात से डेरा जमाए हुए थे। सुबह आठ बजे से प्रारंभ परेड में करीब दस बजे उस समय कुछ मिनटों के लिए दुर्घटनावश व्यवधान पैदा हो गया जब 95 फुट लंबी प्राचीन दो रेल इंजनों से युक्त ‘चाइना अमेरिकन हैरीटेज’ झांकी के एक हिस्से में आग लगने से धुआं निकलने लगा। आग पर तत्काल काबू पा लिया गया और उस झांकी को एक बड़े ट्रक के सहारे परेड से बाहर कर दिया गया। परेड के आगे पैसाडेना के मेयर छका खान ग्रैंड मार्शल के रूप में मोटर वाहन पर सवार थे, जबकि करीब एक सौ झांकियों और बैंड पर संगीत लहरी गूंज रही थी।
नव वर्ष के पहले दिन सार्वजनिक अवकाश के कारण सड़क मार्ग पर लाखों लोग बैठे थे। अमेरिका के विभिन्न हिस्सों से आई इन झांकियों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुख़्ता बंदोबस्त किए गए थे। परेड मार्ग पर भारी सुरक्षा बंदोबस्त में हेलीकाप्टर निगरानी कर रहे थे, तो मेट्रो स्टेशनों पर पुलिस बंदोबस्त के साथ चिकित्सा बंदोबस्त किए गए थे। किसी भी मेट्रो स्टेशन को बंद नहीं किया गया, ताकि अधिकाधिक लोग परेड तक पहुंच सकें। इसके बावजूद कार पार्किंग वालों की चांदी रही, जो बीस से तीस डालर वसूल रहे थे।