प्रियंका के तलाक की हकीकत बेपर्दा हुई

Share this News

मुंबई, 01 अप्रैल (हि स)। पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर प्रियंका चोपड़ा और अमेरिकन सिंगर निक जोनस की शादी के कथित संकट को लेकर तरह तरह की चर्चाएं हो रही थीं। आम तौर पर प्रियंका चोपड़ा की मीडिया टीम इस तरह की चर्चाओं का खंडन करने में देर नहीं लगाती, लेकिन इस बार प्रियंका और निक जोनस के रिश्तों में खटास से लेकर तलाक की संभावनाओं की चर्चाओं पर भी प्रियंका की मीडिया टीम की चुप्पी ने मामले के रहस्य को गहरा दिया। अपनी खामोशी को तोड़ते हुए प्रियंका चोपड़ा ने सोशल मीडिया पर अपने पति निक जोनस के साथ एक फोटो शेयर करके तलाक की बातों का जवाब दे दिया। इसके बाद प्रियंका की मीडिया टीम ने इस फोटो के हवाले से कहा कि ये फोटो सारी बातों को साफ कर देता है। प्रियंका की मां मधु ने भी इन बातों को बकवास करार दिया है। चर्चाओं में कहा गया था कि प्रियंका के रवैये ये निकस और उनका परिवार परेशान होता जा रहा है और उनके रिश्तों में संकट गहराता जा रहा है, जो किसी भी समय तलाक तक भी पंहुच सकता है। ये सारी बातें एक अंतर्राष्ट्रीय पत्रिका में सूत्रों के हवाले से प्रकाशित हुई, लेकिन प्रियंका और उनकी टीम की चुप्पी ने इन चर्चाओं को गरम कर दिया था। भारतीय सिनेमाघरों में इसी साल प्रियंका की फिल्म द स्काई पिंक रिलीज होने जा रही है, जिसका निर्देशन शोनाली बोस ने किया है और निर्माण सिद्धार्थ राय कपूर की कंपनी में हुआ है। इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा के साथ फरहान अख्तर के अलावा दंगल फेम गर्ल जायरा वसीम हैं। फरहान के साथ दिल धड़कने दो के बाद प्रियंका की ये पहली फिल्म होगी। फिल्म के निर्माण में सिद्धार्थ राय कपूर के साथ रॉनी स्क्रूवाला और खुद प्रियंका चोपड़ा की प्रोडक्शन कंपनी भी शामिल है। 2015 में रिलीज हुई प्रकाश झा की जयगंगाजल के बाद प्रियंका चोपड़ा की कोई नई फिल्म रिलीज नहीं हुई है। जय गंगाजल बाक्स आफिस पर सुपर फ्लाप साबित हुई थी। पिछले साल उनको सलमान खान की होम प्रोडक्शन फिल्म भारत में काम करने का प्रस्ताव मिला था, लेकिन फिल्म की शूटिंग शुरु होने से ठीक पहले प्रियंका ने भारत में काम करने से इंकार कर दिया, तो उनकी जगह कैट्रीना कैफ को लिया गया। भारत इस साल ईद के मौके पर रिलीज होने जा रही है।