जर्मनी में भारतीय दंपति पर हमला, पति की मौत

Share this News

-भारतीय विदेश मंत्रालय की पहल पर म्यूनिख कार्यालय कर रहा बच्चों की देखभाल
नई दिल्ली, 31 मार्च (हि.स.)। विदेश मंत्रालय ने जर्मनी के म्यूनिख शहर में भारतीय दंपति पर हमले की घटना पर तुरंत कार्रवाई की है। जर्मनी स्थित भारतीय दूतावास का म्यूनिख कार्यालय दंपति के दोनों बच्चों की देखभाल कर रहा है, जब तक उनके रिश्तेदार जर्मनी नहीं पहुंच जाते। जर्मनी केख शहर में एक अप्रवासी भारतीय दंपति पर एक अन्य देश के अप्रवासी ने हमला कर दिया था, जिसमें पति की मौत हो गई और पत्नी घायल अवस्था में अस्पताल में है।
विदेश मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक जर्मनी के म्यूनिख शहर में रहने वाले प्रशांत बसारूर और उनकी पत्नी स्मिता पर उनकी ही बिल्डिंग में रहने वाले एक व्यक्ति ने चाकू से हमला कर दिया था। बताया जा रहा है कि आरोपित न्यू गुयाना देश का है और उसका इस दंपति से किसी बात पर झगड़ा हो रहा था। झगड़े में बात आगे बढ़ी और आरोपित ने किचन के चाकू से प्रशांत और स्मिता पर हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में प्रशांत की मौत हो गई वहीं स्मिता अभी भी अस्पताल में है।
घटना की जानकारी मिलते ही विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने म्यूनिख कॉउन्सुलेट को इस परिवार की मदद करने को कहा। स्वराज ने कहा कि दंपति के दोनों बच्चों की देखभाल की जाए और उनके रिश्तेदारों के भारत से जर्मनी जाने में मदद की जाए।
प्रशांत बसारूर और उनकी पत्नी स्मिता 15 साल पहले जर्मनी चले गए थे। दोनों कर्नाटक के उड्डपी के रहने वाले हैं। दोनों सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं और पिछले साल ही उन्होंने जर्मनी की नागरिकता ली थी।