Sat. May 18th, 2024

आपातकाल देश के लिए काला दाग- प्रधानमंत्री मोदी

Share this News

मुंबई 26 जून (हि.स.)। भारतवर्ष पर 43 साल पहले लगाया गया आपातकाल देश के लिए काला दाग ही था। एक परिवार ने अपनी सत्ता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए देश पर आपातकाल लाद दिया था। इस तरह का जोरदार हमला मुंबई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई भाजपा की ओर से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी पर किया है। यह व्यक्तव्य प्रधानमंत्री ने आज मंगलवार को मुंबई भाजपा की ओर से न्यू मरीन लाइंस स्थित बिरला मातोश्री सभागृह में आयोजित आपातकाल-लोकतंत्र पर आघात नामक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दिया है। इस अवसर पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रावसाहेब दानवे, मुंबई भाजपा के अध्यक्ष आशीष शेलार व अन्य लोग शामिल हुए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब कांग्रेस पार्टी को लगता है तो वह खतरे में हैं तो लोकतंत्र व संविधान के नाम पर चिल्लाना शुरु कर देती है। जो अपने पक्ष में लोकशाही नहीं रख सकता है , वह देश में लोकशाही की रक्षा किस तरह कर सकता है। संविधान के नाम पर देश खतरे में है, इस तरह की प्रचार किया जाने लगता है। कांग्रेस पार्टी यह आभास करवाने का प्रयास करती है कि केवल वही देश बचा सकती है। लेकिन कांग्रेस पार्टी सिर्फ अपनी सत्ता के लिए यह सब करती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश ने कभी सोचा भी नहीं होगा कि सत्ता सुख और परिवार हित के लिए लोग हिंदुस्तान को जेलखाना बना देंगे।

देश के नेताओं को सलाखों में बंद कर देंगे। उन्होंने गायक किशोर कुमार का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने उन्हें गाने-बजाने के लिए बुलाया, किशोर कुमार ने मना किया तो रेडियो पर से किशोर कुमार के गानों को हटा दिया गया। कांग्रेस पार्टी आंधी फिल्म से इतनी डर गई कि उस पर प्रतिबंध लगा दिया गया।

जिस पार्टी के अंदर ही लोकतंत्र नहीं उससे कोई उम्मीद नहीं की जा सकती है। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर डर की राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने ऐसा काल्पनिक भय पैदा किया कि बीजेपी आएगी तो मुसलमानों को मार दिया जाएगा, दलितों के लिए मुश्किल हो जाएगी। इस प्रकार का उनका जो भाव है वह काफी खतरनाक है। जिन्होंने लोकतंत्र को कैदखाने में बंद कर दिया वे दुनिया में भय पैदा कर रहे हैं कि मोदी है संविधान को खत्म कर देगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि अब भी कांग्रेस की उसी तरह की मानसिकता है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी सभी वर्ग को लेकर संविधान की रक्षा के लिए काम कर रही है।