Fri. May 10th, 2024

कानपुर में शाह और योगी बूथ सम्मेलन में कार्यकर्ताओं में भरेंगे जीत का जोश

Share this News

कानपुर, 30 जनवरी (हि.स.)। आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह एक बार फिर उत्तर प्रदेश के बूथ कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने में जुट गये हैं। जिसके आज भाजपा अध्यक्ष कानपुर में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए जीत का गुरूमंत्र देगें। जिसकी तैयारियां जिला प्रशासन से लेकर पार्टी पदाधिकारियों ने पूरी कर ली है और सुबह से ही पार्टी पदाधिकारियों के साथ प्रशासनिक अमला भाग दौड़ कर रहा है।
पिछले लोकसभा चुनाव में उत्तर के प्रभारी रहे अमित शाह ने जीत के लिए बूथ कार्यकर्ताओं से संवाद पर सबसे अधिक ध्यान केन्द्रित किया था। जिसके चलते उत्तर प्रदेश में गठबंधन को 73 सीट के साथ अप्रत्याशित परिणाम रहा। यही नहीं पिछले विधानसभा चुनाव में बतौर राष्ट्रीय अध्यक्ष उन्होंने बूथ सम्मेलन की शुरूआत कानपुर से की थी। जिससे चुनावी माहौल पार्टी के पक्ष में बनता चला गया और ऐतिहासिक जीत हुई। इसी सफलता को देखते हुए भाजपा अध्यक्ष एक बार फिर बूथ सम्मेलन के जरिये कार्यकर्ताओं में जोश भरने जा रहे हैं, वह भी कानपुर से। जिसकी तैयारियों के लिए भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन शिवप्रकाश पिछले पांच दिनो से कानपुर में डेरा डाल लिया है।
क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह ने बुधवार को बताया कि बूथ सम्मेलन में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आ रहे हैं। जिससे कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। बताया कि पार्टी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री निराला नगर स्थित ग्राउंड में कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के 17 जिलों के बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में 20 हजार से अधिक बूथ अध्यक्ष शामिल होंगे। इसके साथ ही 17 जिलों के सेक्टर संयोजक भी मौजूद रहेंगे। जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र मैथानी ने बताया कि सभी पदाधिकारियों को पहचान पत्र वितरित कर दिये गये हैं और कार्यक्रम स्थल पर पहुंच चुके हैं। वहीं प्रशासनिक अमला भी सुबह से भाग दौड़ कर रहा है। पुलिस की ओर से अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अविनाश चन्द्र सुरक्षा की कमान संभाले हुए हैं। इसके साथ ही एनएसजी कमांडो भी रात में ही आ गये थे। क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी मोहित पाण्डेय ने बताया कि बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन के मंच परें भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश महामंत्री अशोक कटारिया, राज्य मंत्री मनोहर लाल (मन्नू कोरी), क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, क्षेत्रीय महामंत्री संगठन भवानी सिंह, जिलाध्यक्ष सुरेंद्र मैथानी और अनीता गुप्ता सहित शहर के भाजपा विधायक मौजूद रहेंगे।

कानपुर से निकलती है जीत की राह
पिछले लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार तत्कालीन गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी की बेशक लहर चल रही थी, लेकिन उन्होंने लोकसभा चुनाव का आगाज कानपुर से किया था। इसके बाद प्रदेश के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा अध्यक्ष ने बूथ सम्मेलन का बड़ा कार्यक्रम करके प्रदेश में सपा के काम बोलता है नारे को फीका किया था। जिससे यह माना जा रहा है कि कानपुर भाजपा के लिए लकी है और अब एक बार फिर भाजपा अध्यक्ष का यहां पर सम्मेलन होने जा रहा है। जिसको लेकर भाजपाई मान रहे हैं कि आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी की जीत तय है। जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र मैथानी ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष से मांग की जाएगी कि इस बार भी लोकसभा चुनाव का आगाज प्रधानमंत्री कानपुर से ही करें।