Tue. May 14th, 2024

गणतंत्र दिवस पर गांधीमय होगा राजपथ, 16 राज्य व रेल सहित 6 मंत्रालय लेंगे हिस्सा

Share this News
No

नई दिल्ली, 22 जनवरी (हि.स.)। इस साल 70वें गणतंत्र दिवस पर राजपथ पर होने वाली परेड में प्रदर्शित होने वाली झांकियों को महात्मा गांधी की 150वीं जन्म जयंती पर आधारित थीम दी गई है। यही दृश्य सभी राज्यों की झांकियों में भी दिखेगा। 16 राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों तथा रेल सहित केंद्र सरकार के 6 मंत्रालयों की झांकियों में गांधी और उनसे जुड़े प्रसंगों को दर्शाया गया है।
रक्षा मंत्रालय के एक प्रवक्ता नंपिबू मारिनमाई ने मंगलवार को यहां राष्ट्रीय रंगशाला शिविर में पत्रकारों को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस साल अंडमान निकोबार, अरुणाचल प्रदेश, असम, दिल्ली, गोवा, गुजरात, जम्मू और कश्मीर, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पंजाब, सिक्किम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल राज्यों की झांकियां राजपथ पर दिखेंगी। इसके अलावा रेल, कृषि, गृह, ऊर्जा, जल संसाधन और सीपीडब्ल्यूडी मंत्रालय की झांकियां होंगी।
तीन साल के अंतराल के बाद भारतीय रेलवे गणतंत्र दिवस की परेड में अपनी झांकी के साथ गांधी की जीवन यात्रा का चित्रण करेगी। ‘मोहन से महात्मा’ थीम पर आधारित रेल मंत्रालय की झांकी में गांधी जी के रेल से जुड़े प्रसंगों को दिखाया गया है। गांधी जी ने 1915 में दक्षिण अफ्रीका से लौटने के बाद रेलगाड़ी के तृतीय श्रेणी से पूरे भारत का भ्रमण किया था। इस झांकी में 1893 में दक्षिण अफ्रीका में युवा मोहनदास को पीटरमार्टिजबर्ग रेलवे स्टेशन पर ‘केवल यूरोपियन’ के कंपार्टमेंट से बाहर निकालने की घटना भी शामिल है। इसी घटना ने उन्हें सत्याग्रह के लिए प्रेरित किया। बाद में वे इस राष्ट्र के महात्मा के रूप में उभर कर सामने आए। इस झांकी में एक भाप इंजन को दिखाया गया है जिसके ऊपर जून 2018 में पीटरमार्टिजबर्ग स्टेशन पर लगी अर्धप्रतिमा की प्रतिमूर्ति को लगाया गया है। एक अन्य रेल कोच में गांधी जी और कस्तूरबा गांधी लोगों से मिलते हुए दिखाई दे रहे हैं। झांकी के साइड पैनल में दिखाया गया है कि किस प्रकार भारतीय रेल ने गांधी जी के स्वदेशी विजन को नई दिशा दी है। मेक इन इंडिया के तहत स्वदेशी ढंग से तैयार इंजन रहित आधुनिक ट्रेन-18 का निर्माण किया है।
महात्मा गांधी ने ब्रिटिश शासन से भारत की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष का नेतृत्व किया, जो सत्याग्रह के उनके सिद्धांत पर आधारित था। अपने लंबे, घटनापूर्ण जीवन के दौरान और विशेष रूप से अपने संघर्ष के दौरान गांधी जी का दिल्ली के साथ एक लंबा संबंध था। झांकी में गांधी जी के दिल्ली और बिड़ला हाउस से घनिष्ठता को दर्शाया गया है। 1915 और 1948 के बीच गांधी जी आठ बार दिल्ली के प्रवास पर आये थे और 720 दिन यहां ठहरे थे। 30 जनवरी 1948 को हत्या से पहले उनके जीवन के अंतिम 144 दिन भी दिल्ली के बिड़ला हाउस में बीते थे।
गुजरात की झांकी में महात्मा गांधी के ऐतिहासिक दांडी मार्च को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है। गांधी जी ने 12 मार्च 1930 को गुजरात के दांडी स्थान पर अंग्रेजों के खिलाफ नमक बनाने के लिए यात्रा शुरू की थी और यह 6 अप्रैल 1930 तक चली थी। इसी प्रकार महाराष्ट्र की झांकी को भारत छोड़ो आंदोलन की थीम पर तैयार किया गया है। द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान 8 अगस्त 1942 को शुरू हुए इस आंदोलन ने बड़ी संख्या में लोगों को जेल में जाने के लिए प्रेरित किया। पंजाब की झांकी में जलियांवाला बाग में 13 अप्रैल 1919 को हुए स्वतंत्रता सेनियों की गोलियों से भूनकर की गई नृशंस हत्या को दिखाया गया है। उत्तर प्रदेश की झांकी में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ को गांधी जी की विशाल प्रतिमा के साथ स्थान दिया गया है। पश्चिम बंगाल की झांकी में महात्मा गांधी और रविंद्रनाथ टैगोर को शांति निकेतन में एक साथ बैठे दिखाया गया है।
अंडमान और निकोबार की झांकी में महात्मा गांधी की प्रेरणा से 28 अगस्त 1937 को सेल्युलर जेल में स्वतंत्रा सेनानियों की भूख हड़ताल का नजारा देखने को मिलेगा। उगते सूर्य की धरती कहे जाने वाले अरुणाचल प्रदेश की झांकी में गांधी जी के शांति के संदेश को दर्शाया जाएगा। असम की झांकी में गांधी जी के ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती के लिए कुटीर उद्योग को शामिल किया दिखाया गया है।