Sat. May 18th, 2024

जन आक्रोश रैली पर अमित शाह का वार, कहा- हार से बौखलाई कांग्रेस

Share this News

नई दिल्ली, 29 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह ने राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस की ‘जन आक्रोश रैली’ पर निशाना साधते हुए कहा कि यह ‘जन आक्रोश रैली’ नहीं बल्कि ‘परिवार आक्रोश रैली’ है। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ट्विटर पर एक के बाद एक कई ट्वीट कर कांग्रेस नेतृत्व पर तंज कसते हुए कहा कि एक परिवार और उनके दरबारी एक के बाद एक कई राज्यों से बेदखल किए जा रहे हैं और अब वह जन आक्रोश के नाम पर रैली कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस की रैली नहीं बल्कि एक परिवार की रैली है। शाह ने कहा कि कांग्रेस यह पचा नहीं पा रही है कि 125 करोड़ भारतीयों ने उनकी विकास विरोधी और विभाजनकारी राजनीति को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विभाजनकारी राजनीति पूरी तरह उजागर हो गई है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि अगर कांग्रेस ‘जन आक्रोश’ देखना चाहती है तो उसे अपनी लगातार मिल रही हार को देखना चाहिए। हिन्दुस्थान समाचार/अजीत/आकाश