Mon. Apr 29th, 2024

भाजपा ने चार राज्यों की सात सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए , चांदनी चौक से हर्षवर्धन और उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी ठोकेंगे ताल

Share this News

नई दिल्ली, 21 अप्रैल (हि.स.)।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और पंजाब की सात सीटो के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी की है। पार्टी ने केंद्रीय मंत्री डॉ हर्षवर्धन को चांदनी चौक से उम्मीदवार घोषित किया है। जबकि भोजपुरी गायक औऱ दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष व सांसद मनोज तिवारी को पूर्वी उत्तरी दिल्ली से दोबारा उम्मीदवार बनाया है।
भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति के सचिव जेपी नड्डा ने रविवार को उम्मीदवारों की 23वीं सूची जारी की। इस सूची में दिल्ली की चार, मध्य प्रदेश , उत्तर प्रदेश और पंजाब की एक-एक सीटें शामिल है।
पार्टी ने राष्ट्रीय राजधानी की चांदनी चौक सीट से डॉ हर्षवर्धन, उत्तर पूर्वी दिल्ली से मनोज तिवारी,
पश्चिमी दिल्ली सीट से प्रवेश वर्मा औऱ दक्षिणी दिल्ली से रमेश विधूड़ी को दोबारा टिकट दिया है।
मध्य प्रदेश की इंदौर लोकसभा सीट से इस बार शंकर लालवानी को प्रत्याशी घोषित किया गया है। इस सीट से 2014 में सुमित्रा महाजन ने चुनाव जीता था। बाद में वह लोकसभा अध्यक्ष बनीं। महाजन ने इस बार चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया था।
पंजाब की अमतृसर सीट से केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी को उम्मीदवार बनाया गया है। 2014 में इस सीट से मौजूदा वित्तमंत्री अरूण जेटली ने चुनाव लड़ा था किंतु उनको पराजय का सामना करना पडा था।
वहीं पार्टी ने उत्तर प्रदेश की घोसी लोकसभा सीट से हरिनारायण राजभर को टिकट दिया है।