Mon. Apr 29th, 2024

एक दशक बाद श्रीलंका में आतंक की वापसी

Share this News
एक दशक बाद श्रीलंका में दोबारा आतंकवाद की वापसी हो गई है। यह वापसी लिट्टे की पुनर्सक्रियता है या आईएसआईएस प्रभावित किसी मुस्लिम आतंकी संगठन की खुराफात, इसे लेकर श्रीलंका ही नहीं, पूरी दुनिया परेशान है। धर्मस्थलों पर हमले की रणनीति तो लिट्टे की ही रही है। यह भी हो सकता है कि लिट्टे की सक्रियता को हवा देकर मुस्लिम आतंकी संगठन अपने नापाक मंसूबों को अंजाम दे रहे हों। ऐसा लगता है कि धर्मस्थलों और होटलों को निशाना बनाकर आतंकवादियों ने अपने बर्बादी के दस्तावेज पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। पिछले एक साल से श्रीलंका में बौद्धों और मुस्लिमों के बीच जिस तरह तनातनी का माहौल रहा है, इस हमले को उस आलोक में भी देखा जा सकता है। श्रीलंकाई प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति भले ही सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर देश को विकास पथ पर ले जा रहे हों लेकिन दोनों के बीच के तनाव का लाभ भी अराजक तत्वों को मिला होगा।
सत्य और अहिंसा के प्रवर्तक भगवान बुद्ध के अनुयाइयों के देश श्रीलंका में ईसा मसीह के पुनर्जीवन पर्व ईस्टर पर आत्मघाती हमला चिंताजनक भी है और विस्मयकारक भी। इतने बड़े हमले की जिम्मेदारी अभी तक किसी भी आतंकवादी संगठन ने अगर नहीं ली है तो इसकी वजह यह है कि इस हमले में तीन भारतीयों समेत 35 विदेशी नागरिक मारे गए हैं। करीब तीन सौ लोगों की जान गई है। 500 से अधिक लोग घायल हुए हैं। पिछले दिनों जब भारत के पुलवामा में आतंकी हमला हुआ था तो जैश-ए-मोहम्मद ने उस घटना की जिम्मेदारी ली थी। उसका हस्र पूरी दुनिया देख चुकी है। ऐसे में कोई भी आतंकवादी संगठन इस तरह की कायराना हरकत को अंजाम देने के बाद उसकी जिम्मेदारी लेने जैसा आत्मघाती साहस तो नहीं ही करेगा। लेकिन इससे उनका अपराध कम नहीं हो जाता। दंड तो उन्हें मिलेगा ही। इस घटना से पूरी दुनिया में नाराजगी है। इसमें संदेह नहीं कि तमिलों और सिहलियों के द्वंद्व में श्रीलंका में हिंसा की ज्वालामुखी धधकती रही है। इस देश में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने शांति सेना भेजी तो उसकी कीमत उन्हें अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। वैसे श्रीलंका का इतिहास इस तरह के भयावह हमलों से भरा पड़ा है। वेलुपिल्लई प्रभाकरन ने मई 1976 में लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम संगठन की स्थापना ही श्रीलंका के उत्तर -पूर्व में तमिल ईलम नामक एक स्वतंत्र राज्य बनाने के ध्येय से की थी। इस वजह से उसने अपने हाथ खून से रंगने में भी कोई गुरेज नहीं किया। सरकार और लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम के बीच युद्ध भी हुए जिसका खामियाजा श्रीलंका की अवाम भुगतती रही। श्रीलंका के तत्कालीन राष्ट्रपति महिंद्रा राजपक्षे की दृढ़ता के चलते वर्ष 2009 में लिट्टे का सफाया हो गया लेकिन उसकी विचारधारा मरी नहीं। ऐसा इसलिए भी है कि रक्तबीज का विनाश नहीं होता। वह मरकर भी विचारधारा के रूप में प्रकट होते रहते हैं। श्रीलंका पिछले एक दशक से प्रगति और शांति की राह पर बढ़ रहा था। इस घटना ने उसके पुराने जख्मों को हरा कर दिया है। यह श्रीलंका के विकास में खलल डालने की साजिश है। लिट्टे ने 1987 श्रीलंकाई सेना के शिविर में विस्फोटकों से लदे एक ट्रक को आत्मघाती हमला कर उड़ा दिया था। उस हमले में 40 सैनिक हलाक हुए थे। श्रीलंका के पुलिसककर्मियों को लक्ष्य कर 1990 में लिट्टे के उग्रवादियों ने ईस्टर्न प्रोविएंस में धमाका किया था जिसमें 600 लोग मारे गए थे। 1996 में नॉर्थ श्रीलंका के मुल्लातिवु में श्रीलंकाई सेना और लिट्टे की बीच हुए नरसंहार में लिट्टे ने कई बम धमाके किए थे। यह नरसंहार 18 जुलाई 1996 से 25 जुलाई 1996 तक चला था जिसमें हजारों लोग मारे गए थे। 15 अक्टूबर 1997 में कोलंबो के वर्ड ट्रेंड सेंटर में धमाका हुआ जिसमें 17 लोग मारे गए थे। 1998 में लिट्टे ने बौद्धों के लिए विशेष महत्व रखने वाले श्रीलंका के कैंडी स्थित टूथ रेलिक के मंदिर पर हमलाकर 17 लोगों की जान ले ली थी। श्रीलंका में 1998, 1999, 1996 और 2001 में धमाके हुए। वर्ष 2006 के बम धमाके में सौ से अधिक लोग काल के गाल में समा गए थे। साल 2009 में दो बार धमाके हुए थे। हालांकि इन धमाकों के दस साल बाद श्रीलंका की धरती पर सिलसिलेवार 8 धमाके हुए हैं। तीन गिरिजाघरों, होटलों और चिड़ियाघर के पास विस्फोट का एक ही मतलब है कि आतंकी हताहतों की संख्या में भारी इजाफा चाहते थे। उन्होंने भीड़भाड़ वाले इलाके को टारगेट किया है। अगर श्रीलंका की सरकार ने दस दिन पहले मिले खुफिया अलर्ट पर गौर किया होता तो शायद जन-धन का इतना नुकसान उसे झेलना न पड़ता। श्रीलंका के पुलिस प्रमुख ने चेतावनी जारी की थी कि आत्मघाती हमलावर अहम गिरजाघरों को निशाना बना सकते हैं। इस अलर्ट में कहा गया था कि कि एनटीजे (नेशनल तौहीद जमात) अहम गिरजाघरों और कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायोग पर फिदायीन हमले की साजिश कर रहा है। एनटीजे का नाम सुनते ही श्रीलंका सरकार के कान खड़े होने चाहिए थे। वह वहां का कट्टरपंथी मुस्लिम संगठन है। बुद्ध प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने में भी इस संगठन का नाम आ चुका है। गिरिजाघरों में ईस्टर के मौके पर विस्फोट इस बात का इंगित है कि ईसाइयों को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया गया है। श्रीलंका में अल्पसंख्यकों के बीच खींचतान वैसे भी काफी पुरानी है। सिलसिलेवार धमाके की माडस आपरेंडी बताती है कि असके पीछे कोई बड़ा दिमाग है। अगर इसके पीछे कोई आतंकी संगठन है तो उसके तार स्थानीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जुड़े हो सकते हैं। नेशनल तौहीद जमात में ऐसे लोग सक्रिय हैं जो अशांत मुस्लिम बहुल देशों से भागकर आए शरणार्थी हैं। कुछ रक्षा विशेषज्ञ इस घटना को दस साल पहले खत्म हो चुके लिट्टे की वापसी के तौर पर भी देख रहे हैं। पिछले साल श्रीलंकाई राष्ट्रपति सिरीसेना ने कहा था कि तमिल अलगाववादी उनके देश से बाहर अब भी सक्रिय हैं और एकत्र होने की कोशिश में हैं। सिरीसेना ने माना था कि भले ही लिट्टे का नेतृत्व खत्म हो गया हो लेकिन उसकी विचारधारा जिंदा है। लिट्टे अपने दौर में पूजास्थलों और होटलों पर भी हमले करता रहा है। उसकी कोशिश अंतरराष्ट्रीय मीडिया में प्रचार पाने की भी रही है। श्रीलंका में सालभर से बौद्ध और इस्लाम धर्म के अनुयायियों के बीच संघर्ष चल रहा है। इसे लेकर मार्च, 2018 में श्रीलंका सरकार को हिंसक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए दस दिन का आपातकाल भी लगाना पड़ा था। कट्टरवादी बौद्ध संगठन यह आरोप लगा रहे थे कि मुसलमान जबरन लोगों का धर्म परिवर्तन और बौद्ध इमारतों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। बौद्ध, श्रीलंका का प्रमुख धर्म है। यहां 70 फीसदी से अधिक बौद्ध,12 प्रतिशत हिन्दू और दस-दस प्रतिशत मुस्लिम व ईसाई हैं। श्रीलंका में हमला भारत के लिए भी खतरे का संकेत है। लंका भारत का कोस्टल पड़ोसी क्षेत्र है। ऐसे में वहां होने वाली आतंकी गतिविधियों का भारत पर असर पड़ना स्वाभाविक है। आत्मघाती हमले मानवता के खिलाफ अपराध हैं। इनका प्रबल प्रतिकार वक्त की जरूरत है।