मायावती ने की मप्र और राजस्थान में कांग्रेस को समर्थन देने की घोषणा

Share this News

लखनऊ, 12 दिसम्बर (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी ने मध्य प्रदेश और राजस्थान विधानसभा चुनाव के नतीजों को देखते हुए कांग्रेस को समर्थन देने की घोषणा की है। पार्टी सुप्रीमो मायावती ने बुधवार को यहां कहा कि बसपा इन चुनावों में भाजपा को सत्ता से बाहर रखने के लिए मैदान में थी, लेकिन दुख की बात है कि अपने मकसद में वह पूरी तरह सफल नहीं हो पायी, इसलिए उसने कांग्रेस को समर्थन देने का फैसला किया है।

मायावती ने कहा कि भाजपा की नीतियों से जनता परेशान थी और उसने बेहद भारी मन से कांग्रेस को वोट दिया। वहीं उन्हे जानकारी मिली है कि भाजपा मध्य प्रदेश में अभी भी जोड़तोड़ में लगी है। इसलिए उनकी पार्टी कांग्रेस की सोच व नीतियों से सहमति नहीं रखने के बावजूद उन्हें समर्थन दे रही है, जिससे भाजपा अपने मकसद में कामयाब नहीं हो सके।

उन्होंने कहा कि इसी तरह अगर कांग्रेस को राजस्थान में जरूरत पड़ी तो वहां भी बसपा उसका समर्थन करेगी। वहीं उन्होंने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव परिणामों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां कांग्रेस पहले से ही पूर्ण बहुमत हासिल कर चुकी है। इसलिए उसे समर्थन की दरकार नहीं है। हालांकि उन्होंने इसके लिए अजित जोगी को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि उनके बयान की वजह से कांग्रेस को फायदा मिला। बाद में उन्होंने अपने बयान को सही मतलब समझाने की कोशिश की, लेकिन जनता इसे समझ नहीं सकी। इस वजह से उनके गठबन्धन को नुकसान हुआ और इसका सीधा फायदा कांग्रेस को मिला। इस मौके पर मायावती ने कांग्रेस पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद केंद्र और राज्य में ज्यादातर यहां कांग्रेस ने ही राज किया है, मगर कांग्रेस के राज में लोगों का भला नहीं हो पाया। अगर कांग्रेस बाबा साहब अंबेडकर के साथ मिलकर विकास का काम सही से किया होता तो बसपा को अलग पार्टी बनाने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी ने कांग्रेस और भाजपा से अच्छा काम किया। इसके लिए उन्होंने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का धन्यवाद दिया।

वहीं इस तरह मायावती का समर्थन मिलने के बाद कांग्रेस के लिए मध्य प्रदेश में बहुमत जुटाने की राह आसान हो गई है। मध्य प्रदेश में बसपा के दो विधायक हैं। वहीं माना जा रहा है कि मायावती के इस कदम के बाद आगामी लोकसभा चुनाव में विपक्ष के गठबंधन की कोशिशें और तेज होंगी।