मैडम तुसाद म्यूजियम में लगेगी बाबा रामदेव की मोम की प्रतिमा

Share this News

हरिद्वार, 24 जून (हि.स.)। दुनिया की सबसे खूबसूरत हसीनाओं के बीच अब लंदन के मैडम तुसाद म्यूजियम में योगगुरु बाबा रामदेव भी नजर आएंगे। यहां पर दुनिया की सबसे खूबसूरत मानी जाने वाली मर्लिन मुनरो और ऐश्वर्या राय सहित कई नामचीन हस्तियों के मोम के हूबहू पुतले बने हुए हैं। अब इसी विश्व प्रसिद्ध मैडम तुसाद म्यूजियम में योग गुरु बाबा रामदेव का भी मोम का पुतला लगाया जाएगा। स्वामी विवेकानंद के बाद बाबा रामदेव दूसरे ऐसे संत हैं, जिनकी मोम की प्रतिकृति इस म्यूजियम में लगाई जाएगी। बाबा रामदेव का पुतला बनाने के लिए तुषाद म्यूजियम में 25 जून से ही काम शुरू हो जाएगा। बाबा इसके लिए उस दिन खुद म्यूजियम में ही मौजूद रहेंगे। योगगुरु बाबा रामदेव इन दिनों लंदन में है, यहां बाबा के योग के कई कार्यक्रम हैं। बाबा रामदेव के प्रवक्ता एसके तिजारावाला ने फोन पर बात करते हुए बताया की लंदन के ऐतिहासिक मैडम तुसाद म्यूजियम में योगगुरु स्वामी रामदेव की भी मोम की प्रतिकृति लगेगी। उन्होंने बताया कि पिछले कई महीनों तुसाद म्यूजियम बाबा की मोम का पुतला बनाने के लिए संपर्क कर रहा था। मगर बाबा इसके लिए राजी नहीं थे। अब 21 जून को विश्व योग दिवस पर योग संबंन्धी 100 से ज्यादा विश्व रिकॉर्ड बनाने के बाद बाबा रामदेव ने उनके अनुरोध पर अपनी प्रतिकृति बनाने की सहमति प्रदान कर दी है। उन्होंने बताया कि मैडम तुसाद म्यूजियम में विश्व के कोने-कोने से आने वाले पर्यटकों को योग और योगी के बारे में जानने का मौका देने के लिए बाबा तैयार हुए हैं। मैडम तुसाद म्यूजियम में बाबा रामदेव की प्रतिकृति लगाने से योग विज्ञान और योग के बारे में दुनिया भर में न केवल उत्सुकता बढ़ेगी बल्कि दुनिया भर में योग का प्रचार होगा। उनका कहना है कि योगा न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाता है बल्कि यह विश्व शांति, समृद्धि और स्वास्थ्य का बेहतरीन जरिया है। तिजारावाला ने बताया कि बाबा 25 जून को पहले सुबह आठ बजे से नौ बजे तक पहले म्यूजियम का दौरा करेंगे। इसके बाद दोपहर एक बजे से चार बजे तक बाबा वंहा रहेंगे। इस दौरान वहां बाबा के पूरे शरीर और चेहरे का इम्प्रेशन लिया जाएगा, जिससे उनकी प्रतिकृति तैयार की जाएगी। मैडम तुसाद म्यूजियम दुनिया मे अपनी तरह का खास म्यूजियम है जो मोम की प्रतिकृतियों के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। यहां दुनिया भर की नामचीन हस्तियों की मोम की प्रतिकृतियां लगाई गई हैं। इस म्यूजियम का निर्माण सन 1835 में तब के प्रसिद्ध मोम की शिल्पकार मैरी तुषाद ने किया था। म्यूजियम में दुनिया भर के अलग-अलग क्षेत्रों के उच्च शिखर पर पहुंचे व्यक्तियों की मोम की प्रतिकृति लगाई गई है। यहां डेविड कैमरून और बराक ओबामा के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिकृति स्थापित है, तो हिंदुस्तान के सदी के महानायक अमिताभ बच्चन, रजनीकांत, फिल्मी कलाकार शाहरुख खान, सलमान खान, रितिक रोशन, भारतीय फिल्मी हीरोइन ऐश्वर्या राय, कैटरीना कैफ, क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर भारत के राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, पूर्व स्पाइडरमैन, दुनिया का मशहूर म्यूजिकल ग्रुप बीटल्स जैसी विश्व प्रसिद्ध हस्तियां मोम के पुतलों के रूप में यहां देखी जा सकती है। दुनिया भर से लंदन आने वाले लोग इस म्यूजियम में जरूर आते हैं।