सदी का सबसे लंबा चन्द्र ग्रहण 27 जुलाई को

Share this News

नई दिल्ली, 13 जुलाई (हि.स.)। जुलाई के इस महीने की 27-28 तारीख की रात्रि में सदी का सबसे लंबा चन्द्र ग्रहण लगने जा रहा है जिसमें एक घंटे 43 मिनट तक चंद्रमा पूरी तरह से पृथ्वी की छाया में रहेगा।
इसके अलावा जुलाई के अंतिम दिनों में मंगल ग्रह सूर्य के विपरीत पृथ्वी के सबसे नजदीक आने जा रहा है। इसका मतलब है कि लाल ग्रह पृथ्वी से बड़ा और प्रकाशमय दिखाई देगा। इसे शाम से सुबह के बीच जुलाई के अंतिम दिनों में देखा जा सकता है।
ग्रहण वाले दिन मंगल चंद्रमा के काफी नजदीक होगा और इसे आसानी से देखा जा सकेगा। मंगल 31 जुलाई को पृथ्वी के सबसे नजदीक होगा।
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अनुसार रात 11.54 बजे पर चंद्रमा पृथ्वी की छाया में आने लगेगा। 1 बजे चंद्रमा पूरी तरह से पृथ्वी की छाया में आ जाएगा। चंद्रमा 2.43 बजे तक पूरी तरह से पृथ्वी की छाया में रहेगा। इसके बाद धीरे-धीरे पुन: दिखाई देने लगेगा और सुबह 3.49 बजे मिनट पर पृथ्वी की छाया से पूरी तरह बाहर आ जाएगा।
इस चन्द्र ग्रहण के इतने लम्बे होने का प्रमुख कारण है कि इस दौरान चंद्रमा पृथ्वी से सबसे ज्यादा दूरी पर होगा। इसके अलावा वह पृथ्वी की केन्द्रीय छाया से होकर गुजरेगा और इस दौरान उसकी गति भी काफी कम होगी।
इसके पहले इतना लंबा चन्द्र ग्रहण 16 जुलाई 2000 को 1 घंटे 46 मिनट और 15 जून 2011 को 1 घंटे 40 मिनट का दिखाई दिया था। भारत के सभी हिस्सों से इसे देखा जा सकता है। भारत के अलावा यह एशिया, रूस और आस्ट्रेलिया में भी देखा जा सकेगा।