उप्र में दूसरे चरण की आठ सीटों पर मतदान समाप्त, 85 उम्मीदवारों के भाग्य ईवीएम में कैद

Share this News

लखनऊ, 18 अप्रैल (हि.स.)। लोकसभा चुनाव के द्वितीय चरण में पश्चिम उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर कड़ी सुरक्षा के बीच गुरुवार शाम छह बजे मतदान समाप्त हो गया। हालांकि, जो मतदाता मतदान केंद्रों पर छह बजे तक पहुंच चुके हैं, उन्हें भी वोट डालने का अवसर मिलेगा।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल0 वेंकटेश्वर लू के अनुसार सूबे में दूसरे चरण का मतदान भी शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। समाचार लिखे जाने तक छुटपुट घटनाओं को छोड़ कहीं से किसी अप्रिय वारदात की खबर नहीं मिली।
प्रदेश में द्वितीय चरण की आठों सीटों नगीना (सुरक्षित), अमरोहा, बुलंदशहर (सुरक्षित), अलीगढ़, हाथरस (सुरक्षित), मथुरा, आगरा (सुरक्षित) और फतेहपुर सीकरी पर मतदान सुबह सात बजे प्रारम्भ हो गया था। शुरुआत में कुछ मतदेय स्थलों से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के खराब होने की शिकायत मिली लेकिन, जल्द ही उन्हें ठीक कर लिया गया अथवा उनकी जगह दूसरी मशीन लगा दी गयी।
मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ जुटने लगी थी। हर दो घंटे के अंतराल पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय द्वारा मतदान प्रतिशत जारी किया गया। शुरु के दो घंटों में आठों सीटों पर औसत मतदान 10.76 प्रतिशत रहा, जो पूर्वाह्न 11 बजे 24.31, अपराह्न एक बजे 38.94, तीन बजे करीब 50.39 और पांच बजे तक 58.61 फीसदी पहुंच गया। यद्यपि मतदान की अवधि शाम छह बजे समाप्त हो गयी, लेकिन उस समय तक जो लोग कतार में खड़े थे, निर्वाचन आयोग की तरफ से उन्हें वोट देने का अवसर प्रदान किया जाएगा। ऐसे में द्वितीय चरण के मतदान का प्रतिशत देर रात तक स्पष्ट हो पाएगा।

मतदान को लेकर आज बुलंदशहर की युवातियों में भी काफी जागरूकता देखी गई। यहां के छतारी के गांव बैरमनगर में कल रात एक युवती का विवाह हुआ। आज सुबह विदा होने से पहले उसने मतदान किया।
फर्जी मतदान का आरोप
अमरोहा से भाजपा उम्मीदवार और वहां के निवर्तमान सांसद कंवर सिंह तंवर ने बुर्के की आड़ में फर्जी मतदान का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि संसदीय क्षेत्र के नौगांवा सादात में एक पुरुष मतदाता को बुर्का पहनकर फर्जी मतदान करते हुए पाया गया है। उसे पुलिस ने पकड़ लिया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से इसकी पुष्टि नहीं हो सकी थी।
हाथरस में बस के परिचालक की मौत
मतदान प्रारम्भ होने से पहले हाथरस के सिकंदराराऊ में पोलिंग पार्टी को लेकर पहुंची बस के परिचालक की हृदय गति रुकने से मौत होने की खबर है। परिचालक राघवेंद्र सिंह फिरोजाबाद के भूरा शेरपुर गांव का रहने वाला था। बुधवार शाम वह पोलिंग पार्टी लेकर आया था और बस के अंदर ही सो गया था। आज सुबह उठने के थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई।
कुल 85 उम्मीदवार
दूसरे चरण की आठ सीटों के लिए कुल 85 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इनमें नगीना सीट से सात, अमरोहा में दस, बुलंदशहर में नौ, अलीगढ़ में 14, हाथरस में आठ, मथुरा में 13, आगरा में नौ और फतेहपुर सीकरी में 15 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। इनमें महिला उम्मीदवारों की संख्या 10 है। द्वितीय चरण में प्रमुख रूप से भाजपा के आठ उम्मीदवार, कांग्रेस के भी आठ, जबकि बसपा के छह और सपा व रालोद के एक-एक उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

करीब 1.42 करोड़ मतदाता
द्वितीय चरण के संसदीय क्षेत्रों में मतदाताओं की कुल संख्या 1,41,94,132 है, जिनमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 76,36,857, महिला मतदाताओं की संख्या 65,56,504 और थर्ड जेन्डर की संख्या 771 है। आगरा लोकसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 19,34,850 मतदाता हैं जबकि नगीना क्षेत्र में सबसे कम 15,84,111 मतदाताओं की संख्या है।
8751 मतदान केंद्रों पर पड़ रहे वोट
इस चरण में 8751 मतदान केन्द्रों और 16163 मतदेय स्थलों पर वोट डाले गये, इनमें 3314 मतदेय स्थल क्रिटिकल की श्रेणी में रहे। कुल 1121 मतदेय स्थलों पर डिजिटल और 781 मतदेय स्थलों पर वीडियो कैमरे लगाये गये थे। इसके अलावा 1614 मतदेय स्थलों पर वेब कास्टिंग की व्यवस्था की गयी थी।
आज के मतदान कार्य में प्रयोग की जाने वाली ईवीएम एवं वीवी पैट की संख्या (आरक्षित सहित)-बैलट यूनिट 19,367, कन्ट्रोल यूनिट 19,348 तथा वीवी पैट 20,527 रही। गौरतलब है कि इस बार शत प्रतिशत मतदेय स्थलों पर वीवी पैट का प्रयोग किया जा रहा है।
शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए 1598 माइक्रो आबजर्वर, 1346 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 187 जोनल मजिस्ट्रेट और 617 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे। इसी तरह आठ सामान्य प्रेक्षक, चार पुलिस प्रेक्षक, आठ व्यय प्रेक्षक और 41 सहायक व्यय प्रेक्षक लगाए गए थे। दूसरे चरण के मतदान हेतु कुल 1,06,203 मतदान कर्मियों को लगाया गया है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराने के लिए मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में अर्द्धसैनिक बल एवं पीएसी की तैनाती की गयी थी। आईजी कानून व्यवस्था प्रवीण कुमार के अनुसार पहले चरण के मुकाबले इस चरण में करीब 20 फीसदी ज्यादा पुलिस बल तैनात किया गया था। बॉर्डर सीलिंग के लिए 482 अंतर्राज्यीय और 129 अंतर्राष्ट्रीय बैरियर लगाए गए थे। यूपी 100 के दस्ते को चुनाव के मद्देनजर संवेदनशील जगहों और रास्तों के अनुसार लगाया गया था।
राजधानी स्थित प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के कंट्रोल रुम से भी मतदान प्रक्रिया की लगातार निगरानी की व्यवस्था की गई थी। वहां पर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल0 वेंकटेश्वर लू समेत अन्य अधिकारी दिन भर मौजूद रहे।

इन दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर
दूसरे चरण के मतदान में कई दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। इनमें मशहूर फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी और अभिनेता से राजनेता बने उप्र कांग्रेस के अध्यक्ष राज बब्बर के चुनाव मैदान में होने से सियासत में ग्लैमर का तड़का नजर आ रहा है। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रो0 एसपी सिंह बघेल और कई निवर्तमान सांसदों की भी प्रतिष्ठा दांव पर है। हाथरस से पूर्व केन्द्रीय मंत्री रामजी लाल सुमन भी इस चरण के चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) मुखिया और पूर्व केंद्रीय मंत्री चैधरी अजित सिंह और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान में राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह जैसे नेताओं का गढ़ होने के कारण इस चरण के चुनाव में भाजपा, सपा-बसपा-रालोद गठबंधन और कांग्रेस सभी की ताकत परखी जाएगी। पिछले चुनाव में इस चरण की सभी सीटों पर भाजपा का कब्जा था।