Mon. Apr 29th, 2024

किसानों के आंदोलन के चलते नोएडा से लेकर दिल्ली तक भीषण जाम, लोग हुए हलकान

Share this News

नोएडा, 01 फरवरी (हि.स.)। दिल्ली जाने से रोके जाने पर सैकड़ों किसान शुक्रवार शाम करीब चार बजे डीएनडी फ्लाई-वे पर ही धरने पर बैठ गए। इससे नोएडा से दिल्ली जाने वाला रास्ता बंद हो गया और पुलिस ने ट्रैफिक को चिल्ला की ओर डायवर्ट कर दिया। इस कारण कुछ देर बाद ही नोएडा से दिल्ली आने-जाने वाले रास्तों पर जाम लग गया।
डीएनडी, चिल्ला व कालिंदी कुंज के रास्ते पर वाहन चालक फंसे रहे। करीब छह किलोमीटर लंबा जाम लग गया। रात करीब साढ़े आठ बजे किसान सड़क के एक तरफ जाकर बैठ गए। इसके बाद रात नौ बजे के करीब यातायात सामान्य हो सका। हालांकि एनएच 24 पर रात 10 बजे तक जाम की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
आलू बेचने पर किसानों को कम मुनाफा मिलना, बिजली के रेट कम नहीं होने, जमीन अधिग्रहण की जांच, बजट में किसानों को साल में सिर्फ 6 हजार रुपये देने समेत कई मांगें पूरी नहीं होने से किसान नाराज हैं।
मांगें पूरी नहीं होने से नाराज किसान मनवीर तेवतिया के नेतृत्व में 50 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रालियों में सवार होकर ग्रेटर नोएडा से दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री आवास व जंतर-मंतर के लिए निकले। शाम करीब चार बजे डीएनडी पहुंचने पर दिल्ली पुलिस ने किसानों को रोक दिया और आगे नहीं भेजने का निर्णय किया। किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने टोल प्लाजा के पास ही बेरिकेडिंग भी कर रखी थी।
पुलिस द्वारा रोके जाने से नाराज किसान डीएनडी फ्लाई-वे पर ही धरने पर बैठ गए। इससे दिल्ली जाने का रास्ता बंद हो जाने पर पुलिस ने ट्रैफिक को चिल्ला की ओर डायवर्ट कर दिया। इससे वाहन मयूर विहार लिंक रोड से डीएनडी होते हुए दिल्ली जाने लगे। डीएनडी फ्लाई-वे का रास्ता बंद होने पर नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेस वे पर सेक्टर-128 तक करीब छह किलोमीटर लंबा जाम लग गया। पांच बजे के बाद वाहन चालकों की और दिक्कतें बढ़ गईं। डीएनडी फ्लाई-वे का रास्ता बंद होने से कालिंदी कुंज व चिल्ला रास्ते पर भी जाम लग गया। एसपी ट्रैफिक अनिल झा ने बताया कि डीएनडी फ्लाई-वे और आसपास के रास्तों पर रात नौ बजे के बाद यातायात सामान्य हो सका।
लूप पर उतरने की जगह नहीं मिली
दिल्ली से आते समय डीएनडी और कालिंदी कुंज लूप से फिल्म सिटी के रास्ते पर उतरने के लिए वाहनों को जगह नहीं मिली। इस वजह से दिल्ली से नोएडा आने वाले रास्ते पर भी जाम लग गया। यहां भी करीब पांच घंटे तक लोगों को दिक्कतें हुईं।
बाकी रास्तों पर भी जाम
नोएडा-दिल्ली आने-जाने वाले रास्तों पर जाम लगने का असर शहर के बाकी हिस्सों पर भी पड़ा। फिल्म सिटी का रास्ता जाम होने से लोग सेक्टर-18, बॉटनिकल गार्डन, सेक्टर-27 अट्टा, सेक्टर-15, गोल चक्कर आदि रास्तों का प्रयोग करने लगे। इससे इन रास्तों पर भी जाम लग गया।
वाहन चालक यहां भी फंसे रहे
नोएडा के सेक्टर-11, 12, 22 और स्पोर्ट्स स्टेडियम सहित कई दूसरी जगह भी लोगों को जाम में फंसना पड़ा। बताया जाता है कि इन स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल खराब होने व पुलिसकर्मियों के नहीं होने के कारण जाम लगा।
सुबह 10 बजे से हो रहा था इंतजार
मनवीर तेवतिया के नेतृत्व में किसानों के आने का इंतजार सुबह 10 बजे से हो रहा था। इस वजह से दिल्ली पुलिस सुबह से ही डीएनडी पर तैनात हो गई थी लेकिन किसान शाम चार बजे डीएनडी फ्लाई-वे पर पहुंचे।