जन सहयोग से नई मिसाल कायम करेगी बिहार पुलिस: गुप्तेश्वर

Share this News
पटना, 31 जनवरी (हि.स.)। गुप्तेश्वर पाण्डेय बिहार के नए डीजीपी होंगे। तमाम कयासों पर विराम लगाते हुए बिहार सरकार ने गुरुवार को उनके नाम पर मुहर लगा दी है। वे एस.के. द्विवेदी की जगह लेंगे।
अपनी नई जिम्मेदारी से संबंधित एक सवाल के जवाब में गुप्तेश्वर पांडे ने कहा कि जनता के सहयोग और समर्थन से ही सरकार चलती है। शासन-प्रशासन चलता है। उन्हें पूरा भरोसा है कि जन सहयोग से बिहार पुलिस नया मिसाल कायम करेगी।
1987 बैच के आईपीएस अधिकारी गुप्तेश्वर पांडेय की पहचान स्मार्ट पुलिसिंग और कम्युनिटी पुलिसिंग को लेकर है। वैसे तो आमलोगों के प्रति उनका रवैया काफी नरम रहता है लेकिन अपराधियों को उनके अंजाम तक पहुंचाने में उन्हें महारत हासिल है। चतरा, बेगूसराय, जहानाबाद, हजारीबाग, औरंगाबाद, रांची और नालन्दा में एसपी के तौर पर इनके बेहतरीन कामों को वहां के लोग आज तक याद करते हैं।
गुप्तेश्वर पाण्डेय बिहार में शराबबंदी के खिलाफ लोगों को जागरूक करेंगे। बीएमपी के डीजी के तौर पर काम करते हुए लोगों के बीच घूम-घूमकर उन्होंने उन्हें शराब जनित बीमारियों और इसके सामाजिक कुप्रभावों के खिलाफ लोगों को जागरुक किया है। इसके लिए उन्होंने लगातार 100 से भी ज्यादा सभाएं भी की हैं।
मुंगेर, तिरहुत, बेतिया और रेल डीआईजी के पद पर काम कर चुके गुप्तेशवर पाण्डेय ने महिलाओं के बीच शिक्षा के प्रचार- प्रसार के लिए काम किया है। हर जिले में यूथ ब्रिगेड का गठन कर कम्युनिटी पुलिस की अवधारणा को मजबूती से जमीन से उतारने का प्रयास किया। गुप्तेश्वर पांडेय विशेष शाखा में आइजी भी रहे हैं।